कोलकाता: गंगा किनारे मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनेगा फोरलेन हाईवे, मेट्रो और साइकिल ट्रैक की भी योजना
कोलकाता और हावड़ा में गंगा किनारे को मुंबई के मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना है। ...और पढ़ें

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
गंगा किनारे मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकास होगा।
फोरलेन हाईवे, मेट्रो, साइकिल ट्रैक और पैदल पथ बनेंगे।
घाटों का आधुनिकीकरण, सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुंबई के मरीन ड्राइव की तर्ज पर अब कोलकाता और हावड़ा के गंगा किनारे को विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। गंगा के दोनों किनारों को आधुनिक रिवरफ्रंट के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
इसके तहत चार लेन का हाईवे, मेट्रो, साइकिल ट्रैक और पैदल चलने वालों के लिए अलग रास्ता बनाने की परिकल्पना की गई है। राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि सरकार हावड़ा और कोलकाता, दोनों तरफ गंगा किनारे का समग्र विकास करना चाहती है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य के नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग ने राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) के साथ पहले ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।
तीन नवंबर को नौ शहरी विकास परियोजनाओं के लिए हुए इन समझौतों में गंगा रिवरफ्रंट का विकास भी शामिल है। एनबीसीसी को परियोजनाओं के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, पूरी परियोजना का विस्तृत खाका, बजट और निर्माण की समयसीमा अभी तय नहीं हुई है।
घाटों का बदलेगा स्वरूप, सुरक्षा पर भी जोर
बड़ी परियोजना के साथ ही गंगा घाटों की मौजूदा बदहाल स्थिति सुधारने की तैयारी भी शुरू हो गई है। हाल में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने राज्य मंत्री उमेश राय और हावड़ा व कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ लांच से गंगा घाटों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में कई घाटों की जर्जर स्थिति सामने आई थी। इसके बाद इनके आधुनिकीकरण का निर्णय लिया गया।
हावड़ा नगर निगम क्षेत्र के रामकृष्णपुर, शिवपुर और बी गार्डन समेत आठ गंगा घाटों को विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, माइकिंग सिस्टम और बायो टायलेट की व्यवस्था होगी। सुरक्षा के लिए वाच टावर बनाए जाएंगे तथा पुलिस की तैनाती भी होगी। प्रत्येक घाट पर आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग पुलिस अथवा नगर निगम के कर्मचारियों से तत्काल संपर्क कर सकें।
डायमंड हार्बर से एस्प्लेनेड तक मेट्रो की परिकल्पना
गंगा किनारे के समग्र विकास की योजना केवल घाटों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है। सरकार डायमंड हार्बर से एस्प्लेनेड तक गंगा के नीचे मेट्रो संपर्क विकसित करने की संभावना पर भी विचार कर रही है। इसके साथ चार लेन का हाईवे, साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता बनाने की योजना है। साइकिल ट्रैक के विकास के लिए नीदरलैंड की एक कंपनी से बातचीत भी चल रही है।
मंत्री के मुताबिक, परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कई विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी होगा। इसमें बंदरगाह प्राधिकरण, रेलवे, लोक निर्माण और परिवहन विभाग समेत कई संस्थाओं की भूमिका होगी। सरकार ने अपनी व्यापक परिकल्पना प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ भी साझा की है। परियोजना के आकार और खर्च को देखते हुए केंद्र का सहयोग भी महत्वपूर्ण होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।