कोलकाता: दमदम में बंद फ्लैट से पिता-पुत्र के शव बरामद, घर में फैली थी गैस की गंध; जांच में जुटी पुलिस
दमदम के शेतबागान इलाके में एक बंद फ्लैट से पिता-पुत्र के शव मिले, जिससे सनसनी फैल गई। पुलिस को फ्लैट ...और पढ़ें

दमदम में बंद फ्लैट से पिता-पुत्र के शव बरामद
HighLights
दमदम के शेतबागान में बंद फ्लैट से शव मिले।
पिता तपन कुमार और दत्तक पुत्र सूरज मृत पाए गए।
फ्लैट में गैस की गंध, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बैरकपुर। दमदम के शेतबागान इलाके में शुक्रवार को एक बंद फ्लैट से पिता-पुत्र के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नागेरबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर फ्लैट में दाखिल हुई। वहां दो अलग-अलग कमरों में दोनों के शव पड़े मिले। पूरे फ्लैट में गैस की गंध आ रही थी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 72 वर्षीय तपन कुमार चट्टोपाध्याय और उनके 22 वर्षीय दत्तक पुत्र एमडी हुसैन उर्फ सूरज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतान नहीं होने के कारण तपन कुमार ने सूरज को गोद लिया था। दोनों फ्लैट की तीसरी मंजिल पर रहते थे। तपन कुमार एक निजी बैंक में कार्यरत थे।
शुक्रवार दोपहर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक तौर पर फ्लैट में गैस की गंध मिलने से रिसाव की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पिता-पुत्र की मौत कैसे हुई, इसके पीछे गैस रिसाव की भूमिका है या कोई अन्य कारण, पुलिस इसकी जांच कर रही है। नागेरबाजार थाने की पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।