चोरबागान हादसे के बाद कोलकाता के बड़े दुर्गापूजा पंडालों की होगी जांच, सीएम शुभेंदु ने बनाई टीम
उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ से 19 मौतों के बाद, राज्य सरकार ने बड़े पंडालों की सुरक्षा जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है।
-1792298826985_m.webp)
सीएम शुभेंदु ने बनाई कोलकाता के बड़े दुर्गापूजा पंडालों की जांच के लिए टीम(फोटो: @DDIndialive)
HighLights
चोरबागान भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद कार्रवाई।
बड़े दुर्गापूजा पंडालों की सुरक्षा जांच को विशेष टीम।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जांच के आदेश दिए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन के दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार रात मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने शहर के बड़े और लोकप्रिय दुर्गापूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार रात ही यह फैसला लिया। टीम में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव राजेश सिन्हा, दमकल विभाग के महानिदेशक अनुज शर्मा और विशेष कार्यबल के अतिरिक्त महानिदेशक जावेद शमीम शामिल हैं। कोलकाता पुलिस भी निरीक्षण में सहयोग करेगी और पुलिस महानिदेशक टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण करने वाली टीम की सिफारिशों का पूजा आयोजकों को पालन करना होगा। यदि किसी पंडाल की संरचना कमजोर है या वहां भीड़ के कारण लोगों की आवाजाही में खतरा है, तो दर्शकों का प्रवेश रोककर केवल पूजा की रस्में पूरी करने का विकल्प अपनाया जा सकता है।
ऐसी स्थिति में बाहर एलईडी स्क्रीन लगाकर श्रद्धालुओं को पूजा और भीतर के कार्यक्रम दिखाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूजा के शेष दिनों में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
गठित टीम शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, निकास मार्गों और पंडालों की संरचनात्मक मजबूती की जांच करेगी। निरीक्षण के बाद टीम अपनी रिपोर्ट गृह सचिव को सौंपेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
