विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता चोरबागान भगदड़ पर मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान, सुरक्षा व्यवस्था में चूक की होगी पड़ताल

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:18 PM (IST)

कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग पीड़ितों के ...और पढ़ें

चोरबागान भगदड़ पर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान (फाइल फोटो- PTI)

चोरबागान भगदड़ पर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान (फाइल फोटो- PTI)

HighLights

  1. मानवाधिकार आयोग ने चोरबागान भगदड़ पर स्वतः संज्ञान लिया।

  2. पीड़ित परिवारों से बातचीत कर बयान दर्ज करने की तैयारी।

  3. अगले सप्ताह सुनवाई में घटना के कारणों की पड़ताल होगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर अब राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से हादसे से प्रभावित परिवारों से बातचीत करने की पहल की जा सकती है। इस मामले में अगले सप्ताह सुनवाई होने की भी संभावना है।

आयोग घटना के दौरान बने हालात, भगदड़ के कारणों और इससे हुई मौतों के पहलुओं की पड़ताल करेगा। खास तौर पर मृतकों के परिजनों का पक्ष सुनने और प्रभावित परिवारों की स्थिति समझने पर जोर दिया जा सकता है। हालांकि, सुनवाई की तारीख और आयोग की आगे की कार्रवाई के बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को चोरबागान सार्वजनिक दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान कुचलकर 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कम से कम 25 लोग घायल हुए थे। घटना के बाद भीड़ के अत्यधिक दबाव, बारिश, पंडाल में प्रवेश और निकास के रास्तों तथा सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक को लेकर जांच शुरू की गई है।

तीन महीने में रिपोर्ट सौंपेगी एसआईटी

राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अनिंदिता राय सरस्वती की अध्यक्षता में छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। जांच दल को तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

राज्य मानवाधिकार आयोग के स्वत: संज्ञान लेने से मामले की जांच में एक नया पहलू जुड़ गया है। आयोग मृतकों के परिजनों के बयान सुनने और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के जरिए यह समझने की कोशिश कर सकता है कि हादसे के पीछे कहीं कोई लापरवाही तो नहीं थी। अगले सप्ताह संभावित सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- 'पूजा पंडाल में मानवीय चूक से हुआ हादसा, इससे इनकार नहीं', चोरबागान भगदड़ पर सीएम शुभेंदु का बयान

यह भी पढ़ें- कोलकाता के चोरबागान भगदड़ मामले में SIT ने शुरू की जांच, माइक से अफवाह फैलाने वाला क्लब सदस्य सेंटू हिरासत में