बंगाल: दीवाली की रात बेलियाघाटा में मकान में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
दीवाली की शाम कोलकाता के बेलियाघाटा में एक मकान में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

दीवाली की रात बेलियाघाटा में मकान में लगी भीषण आग।
HighLights
कालीपूजा की शाम बेलियाघाटा में मकान में भीषण आग लगी।
दमकल के चार इंजनों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
आग से कोई हताहत नहीं हुआ, बड़ा हादसा टल गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दीवाली की शाम बेलियाघाटा में एक मकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर मकान का एक हिस्सा जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकलकर्म मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना रविवार शाम बेलियाघाटा पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित एक मकान में घटित हुई। देखते ही देखते आग ने मकान के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि दमकलकर्मी देर तक मौके पर डटे रहे।
जानकारी के मुताबिक, मकान के ठीक सामने पेट्रोल पंप और बगल में कालीपूजा का मंडप है। इतना ही नहीं, मकान के निचले हिस्से में कई दुकानें भी हैं। ऐसे में आग आसपास फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि दमकलकर्मियों की तत्परता से स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया गया। आग लगने के बाद मकान में मौजूद सभी लोग बाहर निकल आए।
आरोप है कि आतिशबाजी से निकली चिंगारी मकान पर गिरने के कारण आग लगी थी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं।