विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता के बेहाला में भाजपा के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़, TMC पर लगा आरोप

Published: Sun, 05 Apr 2026 11:35 PM (IST)Updated: Sun, 05 Apr 2026 11:44 PM (IST)

कोलकाता के बेहाला में विधानसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। टीएमसी पर ...और पढ़ें

HighLights

  1. टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बेहाला में तीखी झड़प हुई।

  2. भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़, टीएमसी पर आरोप लगे।

  3. पुलिस ने स्थिति संभाली, इलाके में बल तैनात किया गया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। विधानसभा चुनाव के बीच कोलकाता के बेहाला इलाके में रविवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प की घटना सामने आई है।

भाजपा के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और टीएमसी उम्मीदवार के पोस्टर फाड़ने के आरोपों को लेकर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। घटना पर्णश्री इलाके की है, जहां टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर लगाने के दौरान विवाद शुरू हुआ।

आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने पोस्टर लगाने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और फिर झड़प हो गई। भाजपा का आरोप है कि इसके बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके पार्टी कार्यालय में तोडफ़ोड़ की और गेट को नुकसान पहुंचाया।

TMC-BJP के कार्यकर्ताओं में झड़प

टीएमसी की ओर से भाजपा पर उनके उम्मीदवार के पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया गया है। मामला बढ़ने पर टीएमसी उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय पर्णश्री थाना पुलिस पहुंचीं। उनके वहां पहुंचते ही दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया।

स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार इंद्रनील खां ने आरोप लगाया कि टीएमसी उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें- 'दादा' का बड़ा धमाका: मिथुन चक्रवर्ती बोले- 'पार्टी कहेगी तो बंगाल का मुख्यमंत्री बनने को तैयार हूं'