बंगाल के बालीगंज में ऑटो सेवा ठप, ड्राइवरों के बीच विवाद से यात्री परेशान
बालीगंज में ऑटो ड्राइवर के दो गुटों के बीच विवाद के कारण मंगलवार सुबह से ऑटो सेवा बंद हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बालीगंज में ऑटो ड्राइवर्स के विवाद से सेवा ठप। फोटो- जागरण
HighLights
बालीगंज में ऑटो चालकों के विवाद से सेवा ठप।
यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी हुई।
तीन प्रमुख मार्गों पर ऑटो परिचालन प्रभावित रहा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। महानगर के बालीगंज इलाके में मंगलवार सुबह ऑटो सेवा बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऑटो ड्राइवरके दो गुटों के बीच विवाद के कारण बालीगंज से संचालित होने वाले तीन प्रमुख मार्गों पर परिचालन ठप रहा। अचानक सेवा बंद होने से कामकाजी लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई।
रूट पर ऑटो चलाने को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, संबंधित रूट पर करीब 73 ऑटो चलते हैं। ड्राइवर के एक गुट का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से दूसरे इलाकों के ऑटो भी इस रूट पर आकर यात्रियों को ले जा रहे हैं। इससे उनके रोजगार पर असर पड़ रहा है।
वहीं, दूसरे गुट का कहना है कि उनके पास वैध परमिट है और इसी आधार पर वे इस रूट पर ऑटो चला रहे हैं। मंगलवार सुबह इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और नारेबाजी हुई, जिसके बाद ऑटो परिचालन बंद कर दिया गया।
तीन प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की परेशानी
ऑटो बंद रहने से बालीगंज-अलीपुर जज कोर्ट, बालीगंज-रासबिहारी और बालीगंज-हाजरा मार्ग प्रभावित रहे। अचानक सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को बसों और अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा। बसों में पहले से भीड़ रहने के कारण लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।
फिलहाल दोनों गुटों के बीच विवाद का समाधान नहीं हुआ है। ड्राइवर का कहना है कि समस्या सुलझने तक ऑटो सेवा शुरू नहीं होगी। ऐसे में परिचालन कब सामान्य होगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।