विधानसभा के टॉयलेट में मिला कैंटीन कर्मचारी का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पश्चिम बंगाल विधानसभा के भीतर एक कैंटीन कर्मचारी उमेशचंद्र दास का शव शौचालय में मिला, जिससे हड़कंप मच गया।
-1793608478347_m.webp)
विधानसभा शौचालय में कैंटीन कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप।
HighLights
विधानसभा शौचालय में कैंटीन कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप।
पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल विधानसभा के भीतर सोमवार सुबह एक कैंटीन कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 62 वर्षीय उमेशचंद्र दास के रूप में हुई है।
उनका शव विधानसभा परिसर स्थित शौचालय के भीतर से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, तिलजला निवासी उमेशचंद्र दास पिछले करीब 15 वर्षों से विधानसभा की कैंटीन में एक ठेका कंपनी के अधीन काम कर रहे थे। वह कैंटीन परिसर में ही रहते और रात में वहीं सोते थे।
सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे वह शौचालय गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर अन्य कर्मचारियों को संदेह हुआ। शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर उमेशचंद्र को फर्श पर मृत अवस्था में पाया गया।
इसके बाद विधानसभा के सचिव और मार्शल को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस की प्रारंभिक आशंका है कि उम्र संबंधी कारणों से दिल का दौरा पड़ने के कारण उनकी मौत हुई होगी।
हालांकि, शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जरूरत पड़ने पर फारेंसिक जांच भी कराई जा सकती है।
फिलहाल पुलिस ने शौचालय और आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस को भी दी गई है।