कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे पर आया जानवर, Indigo की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट अंडाल डायवर्ट
कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार को सुरक्षा में सेंध की दो घटनाएं हुईं, जिसमें रनवे पर जानवर के आने से बड़ा ...और पढ़ें
-1794477659780_m.webp)
रनवे पर जानवर आने से बड़ा हादसा टला
HighLights
रनवे पर आवारा कुत्ता आने से बड़ा हादसा टला
यात्री ने कैंसर पीड़ित पत्नी के लिए हाईजैक की धमकी दी
पायलटों की सूझबूझ से चेन्नई फ्लाइट अंडाल डायवर्ट हुई
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
एक तरफ रनवे पर आवारा जानवर के आ जाने से बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा, तो दूसरी तरफ एक यात्री द्वारा दी गई फ्लाइट हाईजैक की झूठी धमकी ने प्रशासन की नींद उड़ा दी।
हालांकि, पायलटों की सूझबूझ और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से दोनों ही मामलों में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
रनवे पर जानवर की एंट्री से टला बड़ा हादसा
बुधवार को कोलकाता से रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट जब रनवे पर टेकऑफ के लिए तैयार थी, तभी पायलट की नजर टैरमैक पर घूम रहे एक आवारा जानवर पर पड़ी।
खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल ( एटीसी) को अलर्ट किया। उसी वक्त चेन्नई से आ रही इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट लैंडिंग करने वाली थी।
सूचना मिलते ही एटीसी अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए लैंडिंग की अनुमति रद्द कर दी और विमान को सुरक्षित रूप से अंडाल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया।
पायलट की सतर्कता और एटीसी के त्वरित निर्णय से दो विमानों में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। अब एयरपोर्ट प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि कड़ी निगरानी के बावजूद कुत्ता इस संवेदनशील इलाके में कैसे पहुंचा।
कैंसर पीड़ित पत्नी के लिए रची हाईजैक की साजिश
इसी दिन सुबह एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सोदपुर निवासी एक यात्री को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी को काम के सिलसिले में उसकी मर्जी के खिलाफ एक अफ्रीकी देश भेजा जा रहा था। वह अपनी कैंसर से जूझ रही पत्नी को अकेला छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहता था। अपनी इसी विदेश यात्रा को रोकने के उद्देश्य से उसने हाईजैक की झूठी साजिश रची थी।