कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया तलाशी अभियान
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसी अलर्ट
HighLights
कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से सुरक्षा अलर्ट।
महिला शौचालय में मिले नोट से मिली धमकी की सूचना।
सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते ने चलाया तलाशी अभियान।
राज्य ब्यूरो,कोलकाता। दुर्गापूजा की छुट्टियों के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। महिला शौचालय में टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखे एक नोट में गेट नंबर 30 पर बम रखे होने की चेतावनी दी गई थी।
सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) और बम निरोधक दस्ते ने हवाई अड्डे के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस नोट मिलने वाले सफाईकर्मियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संबंधित शौचालय का इस्तेमाल किसने किया था और घटना के समय आसपास कौन मौजूद था। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद हवाई अड्डे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, उड़ान सेवाओं पर असर पड़ने की कोई सूचना नहीं है। गौरतलब है कि इसी महीने आठ अक्टूबर को भी कोलकाता हवाई अड्डे को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। उस समय भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
