चोरबागान कांड: कलकत्ता मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों को नोटिस, अस्पताल व्यवस्था पर उठाए थे सवाल
चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले आठ इंटर्न डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

आठ इंटर्न डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस।
HighLights
आठ इंटर्न डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किया।
भगदड़ के बाद अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
सभी को तीन दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था व बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठाने वाले आठ इंटर्न डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विभाग ने उनसे पूछा है कि ड्यूटी पर रहते हुए अस्पताल की व्यवस्था को लेकर उन्होंने संवाद माध्यमों के सामने बयान क्यों दिया। सभी को तीन दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
दुर्गापूजा के सप्तमी के दिन पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हुई थी जबकि 25 से अधिक जख्मी हुए थे। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया था। बाद में बेहतर चिकित्सा के लिए कुछ को निजी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज के आठ इंटर्न डॉक्टरों ने संवाददाता सम्मेलन कर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने आरोप लगाया था कि अस्पताल में जीवनरक्षक दवाओं की कमी है। यह भी दावा किया था कि सरकार के उच्च स्तर से मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने की बात कही जाती है। स्वास्थ्य विभाग ने दवाओं की कमी संबंधी आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि मौत का आंकड़ा और न बढ़े, इसलिए बेहतर उपचार के लिए उन्हें निजी अस्पतालों में भेजा गया था।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि इंटर्न डॉक्टरों ने जब संवाद माध्यमों के सामने बयान दिया, उस समय वे ड्यूटी पर थे या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। यदि डॉक्टरों ने ड्यूटी पर रहते हुए ऐसा किया तो यह सेवा नियमावली के अनुरूप नहीं है। एक इंटर्न डॉक्टर ने दावा किया कि जिस समय उन्होंने संवाद माध्यमों से बात की थी, उस समय वह ड्यूटी पर नहीं थे।