विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता: 65 एकड़ जमीन पर बनेगा 2000 बेड वाला अस्पताल, CM शुभेंदु ने 'अदाणी आरोग्य मंदिर' की रखी नींव

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:47 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के न्यूटाउन में अदाणी समूह के 2,000 बेड वाले 'अदाणी आरोग्य मंदिर' अस्पताल का शिलान्यास किया।

कोलकाता के न्यूटाउन में रखी गई 2000 बेड वाले अस्पताल की नींव (फोटो-एएनआइ)

कोलकाता के न्यूटाउन में रखी गई 2000 बेड वाले अस्पताल की नींव (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. अदाणी समूह के 2,000 बेड वाले 'अदाणी आरोग्य मंदिर' का शिलान्यास।

  2. कोलकाता के न्यूटाउन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया भूमि पूजन।

  3. अस्पताल में 1,000 बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में नई भाजपा सरकार के औद्योगिक निवेश पर जोर के बीच औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी की उपस्थिति में कोलकाता के न्यूटाउन में अदाणी फाउंडेशन के प्रस्तावित 2,000 बेड वाले अत्याधुनिक अस्पताल, रिसर्च सेंटर और मेडिकल एजुकेशन इंस्टीट्यूट 'अदाणी आरोग्य मंदिर' का शिलान्यास (भूमि पूजन) किया।

1,000 बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित

करीब 65 एकड़ जमीन पर अदाणी समूह विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले इस अस्पताल का निर्माण कराएगा, जिसमें 1,000 बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे।

अस्पताल के शिलान्यास से पहले अदाणी समूह के चेयरमैन व दिग्गज उद्योगपति गौतम अदाणी ने सुबह पत्नी के साथ कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री शुभेंदु के अंबानी परिवार से मुंबई में मुलाकात के तीन दिन बाद ही गौतम अदाणी बुधवार रात कोलकाता पहुंचे हैं। दिन में उनकी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ राज्य में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर बैठक प्रस्तावित है।

इससे पहले शुभेंदु ने 21 सितंबर को मुंबई में अनंत अंबानी के निमंत्रण पर उनके घर गणेश चतुर्थी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी से मुलाकात की थी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, बातचीत में बंगाल में निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने अंबानी परिवार को कालीघाट स्थित मां काली की प्रतिकृति भी भेंट की थी। हालांकि, रिलायंस की ओर से अभी किसी नए निवेश या परियोजना की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

राइटर्स बिल्डिंग से कुम्हारटोली घाट तक कई परियोजनाओं पर नजर

अदाणी समूह के बंगाल में अन्य परियोजनाओं से जुड़ने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा है। इनमें ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार और उत्तर कोलकाता के कुम्हारटोली घाट के पुनर्विकास की परियोजनाएं शामिल हैं।

कुम्हारटोली घाट के पुनर्विकास में कोलकाता बंदरगाह प्राधिकरण की भी भूमिका बताई जा रही है। इन परियोजनाओं को लेकर अदाणी समूह और राज्य सरकार के बीच बातचीत चल रही है।

इसके अलावा अदाणी समूह ने इस वर्ष कोलकाता की दुर्गापूजा को भी अपने सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम से जोड़ने की योजना बनाई है। शहर की 8 दुर्गापूजाओं को 25-25 लाख रुपये की सहायता देने की योजना बताई गई है।

साथ ही 10, 11 और 12 अक्टूबर को विदेशी मेहमानों और देश की प्रमुख हस्तियों के लिए विशेष ‘पूजा प्रीव्यू टूर’ आयोजित करने की बात कही गई है। अब नजर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और गौतम अदाणी की प्रस्तावित बैठक पर है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं पर मुख्य रूप से चर्चा हो सकती है। अदाणी समूह की प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति के साथ किसी नए निवेश की घोषणा होती है या नहीं, इस पर उद्योग जगत की नजर है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन लाया आफत; भागलपुर में आज रुक-रुककर तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी