एसडी बर्मन व किशोर कुमार की प्रतिमाओं का कल अनावरण
अपने सुपरहिट गीतों से दशकों तक श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाले महान संगीतकार एसडी बर्मन और गायक किशोर कुमार की प्रतिमाएं उनके प्रशंसकों की ओर से महानगर में स्थापित की गई है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : अपने सुपरहिट गीतों से दशकों तक श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाले महान संगीतकार एसडी बर्मन और गायक किशोर कुमार की प्रतिमाएं उनके प्रशंसकों की ओर से महानगर में स्थापित की गई है। किशोर कुमार के बेटे और लोकप्रिय गायक अमित कुमार 22 अक्टूबर को प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर कोलकाता नगर निगम के मेयर परिषद के सदस्य देबाशीष कुमार मौजूद रहेंगे। इससे पहले इस फैन क्लब ने महानगर में संगीतकार आरडी बर्मन की प्रतिमा स्थापित की थी।
क्लब के सचिव सुदीप्त चंद ने बताया कि इन दोनों प्रतिमाओं को आरडी बर्मन की प्रतिमा के ठीक सामने लगाया जाएगा। एसडी बर्मन कभी महानगर के ढाकुरिया इलाके में रहा करते थे। फैन क्लब की इस पहल पर गायक अमित कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि वे इससे काफी रोमाचित हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल में इन दोनों महान शख्स को देखा है। यह जानकर अच्छा लगा कि जल्द ही शहर में पंचम दा के साथ एसडी बर्मन और किशोर कुमार दिखाई देंगे। वह जगह सभी संगीत प्रेमियों के लिए दर्शनीय होगा। एसडी बर्मन और किशोर कुमार को उनकी गहरी दोस्ती के लिए भी जाना जाता है। इस जोड़ी ने सिनेमा जगत को एक से बढ़कर एक बेहतरीन नगमे दिए हैं।