विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई: जनशताब्दी के यात्री से डेढ़ करोड़ रुपये कैश बरामद; जांच में जुटी पुलिस

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:59 PM (IST)

खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर रूटीन चेकिंग के दौरान राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने एक यात्री से 1.40 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की है।

खड़गपुर में पैसों से भरे बैग के साथ पकड़ा गया आरोपित राहुल सोनी, प्लेटफार्म पर भारी मात्रा में बरामद नकदी को गिनती व रिकार्डिंग करती जीआरपी टीम।

खड़गपुर में पैसों से भरे बैग के साथ पकड़ा गया आरोपित राहुल सोनी, प्लेटफार्म पर भारी मात्रा में बरामद नकदी को गिनती व रिकार्डिंग करती जीआरपी टीम।

HighLights

  1. जनशताब्दी यात्री राहुल सोनी को बेहिसाब नकदी के साथ पकड़ा।

  2. पुलिस नकदी के स्रोत और गंतव्य की जांच कर रही है।

जासं, खड़गपुर। दक्षिण-पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर रूटीन चेकिंग के दौरान राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने बड़ी सफलता हासिल की है। 
 
प्लेटफॉर्म नंबर 7 से पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके बैग से 1.40 करोड़ रुपये का अनकाउंटेड कैश बरामद किया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

भागने की कोशिश के दौरान धराया आरोपी 

जीआरपी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खड़गपुर जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर तरुण किशोर जेना और उनकी टीम स्टेशन पर गश्त कर रही थी। 
 
इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर मौजूद एक युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं। पुलिस को अपनी ओर आते देख उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
 
जब उसके पास मौजूद दो हैंडबैग और एक बैग की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। बैग में भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा (कैश) भरी हुई थी। 
 

पैसों के स्रोत का नहीं दे सका जवाब 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हावड़ा के 120, जीटी रोड निवासी राहुल सोनी (36) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने बताया कि वह टाटानगर से हावड़ा जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। 
 
हालांकि, जब जीआरपी अधिकारियों ने इतनी बड़ी रकम का स्रोत और वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
 
दस्तावेज न मिलने पर जीआरपी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 1 करोड़ 40 लाख रुपये जब्त कर लिए। खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से हड़कंप मच गया है। 
 
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह पैसा कहां से लाया गया था और किसे सौंपा जाना था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।