विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर हावड़ा स्टेशन की सजावट से भड़के कल्याण बनर्जी, पूछा- बंगाल बंगालियों का है या बिहारियों का

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:06 PM (IST)

तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने हावड़ा स्टेशन पर छठ पूजा की विशेष सजावट पर सवाल उठाया है, आरोप लगाया कि इससे बंगाली सांस्कृतिक पहचान कमजोर हो रही है।

छठ पर हावड़ा स्टेशन की सजावट से भड़के कल्याण बनर्जी। (एएनआई)

छठ पर हावड़ा स्टेशन की सजावट से भड़के कल्याण बनर्जी। (एएनआई)

HighLights

  1. कल्याण बनर्जी ने छठ पूजा सजावट पर रेलवे को घेरा।

  2. बंगाली पहचान कमजोर होने का आरोप लगाया सांसद ने।

  3. दुर्गा पूजा के लिए समान व्यवस्था की मांग की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। छठपूजा के अवसर पर हावड़ा स्टेशन की विशेष सजावट को लेकर बंगाल में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने रेलवे की इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि बंगाल बंगालियों का है या 'उग्र बिहारियों' का। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति के कारण बंगाल में बंगालियों की सांस्कृतिक पहचान और महत्व को कमजोर किया जा रहा है।

उनका कहना है कि दुर्गापूजा के दौरान हावड़ा स्टेशन को इसी तरह क्यों नहीं सजाया जाता, जबकि इस दौरान भी बड़ी संख्या में बंगाली यात्री स्टेशन से आते-जाते हैं।

कल्याण बनर्जी ने बताया कि कुछ दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाते समय उन्होंने हावड़ा स्टेशन की सजावट देखी थी। वहां छठपूजा के अवसर पर विशेष इंतजाम किए गए थे। प्लेटफॉर्म के बीच के हिस्से में लाल कारपेट बिछाया गया था और रंगीन कपड़ों से सजावट की गई थी। यात्रियों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र भी बनाए गए थे।

इसी को लेकर उन्होंने सवाल उठाया कि दुर्गापूजा के दौरान ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं की जाती। उनका आरोप है कि बंगाल में बंगाली समाज को धीरे-धीरे दूसरे दर्जे का नागरिक बनाया जा रहा है।

कल्याण ने कहा कि सनातन धर्म के पालन का अर्थ क्या बंगालियों को पीछे हटाकर उग्र हिंदुत्व को स्थापित करना है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में गैर-बंगालियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। यहां तक कि कलकत्ता हाई कोर्ट में वकीलों के बीच भी गैर-बंगालियों का प्रभाव बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि अगले पांच वर्षों तक यही स्थिति बनी रही तो बंगाली समाज की सांस्कृतिक पहचान के सामने गंभीर संकट पैदा हो सकता है।

रेलवे की व्यवस्था पर राजनीतिक बहस तेज

दरअसल, छठ के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने हावड़ा स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए थे। 11 से 14 नवंबर तक पुराने परिसर में प्लेटफॉर्म संख्या 8 और 9 के बीच कैबवे को वाहनों के लिए बंद कर यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र में बदल दिया गया था।

वहां लाल कारपेट बिछाने के साथ यात्रियों के लिए सहायता केंद्र और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। रेलवे का कहना था कि इसका उद्देश्य छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों को सुविधाजनक और व्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराना था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।