विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: नड्डा के काफिले पर हमले के आरोपी टीएमसी नेता को पुलिस ने सड़क पर घुमाया, 2020 में हुआ था हमला

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:19 PM (IST)

पुलिस ने 2020 में जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के आरोपी टीएमसी नेता इमरान हसन मोल्ला को क्राइम सीन रीक्रिएशन के तहत सड़कों पर घुमाया।

नड्डा काफिले पर हमले के आरोपी को पुलिस ने सड़कों पर घुमाया

नड्डा काफिले पर हमले के आरोपी को पुलिस ने सड़कों पर घुमाया

जागरण संवाददाता, कोलकाता। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर वर्ष 2020 में हुए हमले के मामले में पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है।

हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस हिरासत में चल रहे मगराहाट पश्चिम के युवा तृणमूल कांग्रेस नेता इमरान हसन मोल्ला को शनिवार रात दक्षिण 24 परगना के उस्ती थाने की पुलिस ने इलाके की सड़कों पर पैदल घुमाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई घटना के क्राइम सीन रीक्रिएशन के तहत की गई। इस दौरान यह सिर झुकाए और कई जगहों पर स्थानीय लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपने कृत्यों के लिए माफी मांगते हुए भी दिखाई दिया। इमरान से पहले जहांगीर खान समेत कुल सात तृणमूल नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मालूम हो कि पुलिस ने गत 5 नवंबर को जेपी नड्डा के वाहन पर हुए हमले के मामले में इमरान हसन मोल्ला को गिरफ्तार किया था। इसके बाद डायमंड हार्बर अदालत के निर्देश पर उसे नौ दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

इमरान को डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक और उनके निजी सहायक सुमित राय का करीबी माना जाता था। वह मगराहाट (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल विधायक शमीम अहमद का भी बेहद खास रहा है।

क्या है पूरा मामला?

10 दिसंबर 2020 को दक्षिण 24 परगना में जेपी नड्डा के काफिले पर प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने हमला कर दिया था। घटना वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले डायमंड हार्बर में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक में शामिल होने जाने के दौरान हुई थी।

एक गाड़ी में वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय भी सवार थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को निशाना बनाकर ईंट, पत्थरों और कांच की बोतलों से हमला किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।