जनजातीय गौरव दिवस पर झाड़ग्राम को बड़ी सौगात, सीएम शुभेंदु ने 770 आदिवासियों को बांटे भूमि पट्टे; विश्वविद्यालय बनाने का एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनजातीय गौरव दिवस पर झाड़ग्राम में 770 आदिवासी परिवारों को वनभूमि पट्टे सौंपे और आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की।

शुभेंदु अधिकारी ने झाड़ग्राम में आदिवासियों को दिए भूमि पट्टे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में आदिवासी समुदायों की भाषा, संस्कृति और जमीन से जुड़ी आकांक्षाओं को पूरा करने का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भरोसा दिया है।
रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झाड़ग्राम जिले के शिल्डा में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 770 आदिवासी परिवारों को वनभूमि के पट्टे सौंपे।
शुभेंदु ने कहा कि राज्य के 1,237 वन गांवों को सूचीबद्ध किया गया है और वहां के आदिवासियों को जमीन का अधिकार देने के लिए जरूरी आंकड़े जुटाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आदिवासी समुदायों को जमीन का मालिकाना हक देने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसके लिए वन विभाग, भूमि विभाग और जनजातीय कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पात्र आदिवासी परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं रहने देना है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि झाड़ग्राम में आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा और सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
फर्जी जनजाति प्रमाणपत्र बनवाने वाले 73 लोग पकड़े गए
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में गैर-आदिवासी लोगों को भी अनुसूचित जनजाति (एसटी) के प्रमाणपत्र जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस तरह की गड़बड़ी दोबारा न हो। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आदिवासी बनकर जाति प्रमाणपत्र हासिल करने वाले 73 लोगों को पकड़ा गया है।
उन्होंने प्रशासन को ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही फिर चेतावनी दी कि जाली एससी-एसटी प्रमाणपत्र जारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ममता सिर्फ तस्वीर खिंचवाने के लिए मिलती थीं
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी कटाक्ष किया। आरोप लगाया कि ममता आदिवासी महिलाओं से केवल तस्वीर खिंचवाने के लिए मिलती थी और समुदाय के वास्तविक हितों की अनदेखी करती थी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को यह समझना होगा कि उनके हितों के साथ कौन खड़ा है।
इस क्रम में उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इसी सरकार के कार्यकाल में देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने मुर्मु के खिलाफ मतदान किया था।
शबर समुदाय को भी मिलेगा राज्य की योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने शबर समुदाय के लिए विशेष घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) योजना की सूची में शामिल नहीं होने के बावजूद इस समुदाय को राज्य सरकार अपनी योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाएगी।
उन्होंने लोकप्रसार शिल्पी भत्ता योजना के पात्र सभी लोक कलाकारों को 31 दिसंबर तक सूचीबद्ध करने का भी भरोसा दिया। साथ ही कहा कि आगामी राज्य बजट में इस भत्ते की राशि बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आदिवासी समुदाय के लोगों से उनकी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए भी सरकार के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की।
झाड़ग्राम में 274.43 करोड़ की 137 परियोजनाओं का शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने झाड़ग्राम जिले में 274.43 करोड़ रुपये की लागत वाली 137 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें 73 सड़कें, नौ स्कूलों के विकास से जुड़ी परियोजनाएं और आठ छात्रावास शामिल हैं। इसके अलावा 47.59 करोड़ रुपये की लागत वाली 51 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें 13 सड़कें, 10 आंगनबाड़ी केंद्र और छह स्कूलों के विकास कार्य शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।