सीपी ने किया घाटों का निरीक्षण, देखी सुरक्षा व्यवस्था
हुगली नदी के किनारे बने घाटों पर हो रही दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने निरीक्षण किया।
जासं, कोलकाता : हुगली नदी के किनारे बने घाटों पर हो रही दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन के दौरान मुहैया कराई गई सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा। गौरतलब है कि कोलकाता पुलिस ने महानगर के 24 घाटों पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की अनुमति दी थी। इस दौरान किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। विजयादशमी की रात से ही प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया था। शनिवार शाम पुलिस आयुक्त राजीव कुमार अपने अधिकारियों के साथ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जल पुलिस की सक्रियता को भी जाना। सीपी ने विसर्जन के लिए पहुंचने वालों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं होने के निर्देश दिए। लालबाजार सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को 1900 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया जबकि शनिवार के दिन विसर्जन की संख्या कम रहीं। हालांकि रविवार को विसर्जन के लिए ज्यादा प्रतिमाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।