विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता आ रहा स्वदेशी युद्धपोत INS सुमेधा, 22-23 नवंबर को आम लोगों को मिलेगा देखने का मौका

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:27 PM (IST)

भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक युद्धपोत 'आईएनएस सुमेधा' 20 नवंबर को नौसेना दिवस के अवसर पर कोलकाता पहुंचेगा। यह पोत 22 ...और पढ़ें

INS सुमेधा कल पहुंचेगा कोलकाता (फाइल फोटो- सोर्स- @indiannavy)

INS सुमेधा कल पहुंचेगा कोलकाता (फाइल फोटो- सोर्स- @indiannavy)


HighLights

  1. आईएनएस सुमेधा 20 नवंबर को कोलकाता पहुंचेगा।

  2. 22-23 नवंबर को आम जनता देख सकेगी युद्धपोत।

  3. समुद्री निगरानी और जलदस्यु विरोधी अभियानों में माहिर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । समुद्री जलदस्युओं के विरुद्ध मोर्चा संभालने और समुद्री सीमा की निगरानी में अहम भूमिका निभाने वाला भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक युद्धपोत 'आइएनएस सुमेधा' नौसेना दिवस के अवसर पर 20 नवंबर को कोलकाता पहुंचेगा।

पूर्वी नौसेना कमान का यह युद्धपोत हुगली नदी के रास्ते महानगर आएगा। नदी में प्रवेश के दौरान नौसेना के गश्ती जहाज इसे सुरक्षा घेरे में लेकर आएंगे। कोलकाता पहुंचने पर नौसेना की ओर से युद्धपोत का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।

बहुउद्देश्यीय अभियानों में है माहिर

गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में निर्मित आईएनएस सुमेधा को सात मार्च, 2014 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। यह बहुउद्देश्यीय समुद्री गश्ती पोत है, जो लंबे समय तक समुद्र में अभियान चलाने में माहिर है।

जलदस्युओं के खिलाफ कार्रवाई, समुद्री निगरानी और अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारत की समुद्री ताकत का प्रदर्शन करना इसके प्रमुख दायित्वों में शामिल है। यह युद्धपोत अब तक दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कई अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों, सहायता अभियानों और जलदस्यु रोधी अभियानों में हिस्सा ले चुका है।

फिलहाल इसकी कमान कमांडर हरमनप्रीत सिंह के हाथों में है। कोलकाता प्रवास के दौरान स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) व समुद्री कैडेट कोर (एससीसी) के कैडेटों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम लोगों को युद्धपोत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

20-21 नवंबर को स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों, एनसीसी, एससीसी कैडेटों और सशस्त्र बलों के सदस्यों के लिए विशेष भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है। आम लोग 22 नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक और 23 नवंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक युद्धपोत का भ्रमण कर सकेंगे।

युद्धपोत नेताजी सुभाष डक के 11 नंबर बर्थ पर लंगर डालेगा। दर्शकों को गार्डनरीच स्थित बीएनआर अस्पताल के पास वेस्ट पोर्ट थाने से सटे एनएसडी के तीसरे गेट से प्रवेश करना होगा। प्रत्येक आगंतुक के पास आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या वाहन चालन अनुज्ञप्ति जैसे वैध पहचान पत्र का होना अनिवार्य है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।