विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25-26 नवंबर को बंगाल के तट पर होगा नौसेना का मेगा सुरक्षा अभ्यास 'सी विजिल-26', परखी जाएगी तटीय सुरक्षा की ताकत

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:55 PM (IST)

भारतीय नौसेना 25-26 नवंबर को पांचवां राष्ट्रीय तटीय रक्षा अभ्यास 'सी विजिल-26' आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य देश की समुद्री और तटीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

नौसेना के प्रभारी अधिकारी कमोडोर अजय यादव (फोटो-नौसेना)

नौसेना के प्रभारी अधिकारी कमोडोर अजय यादव (फोटो-नौसेना)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कोलकाता। देश की समुद्री और तटीय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय नौसेना 25 और 26 नवंबर को पांचवें राष्ट्रीय तटीय रक्षा अभ्यास 'सी विजिल-26' का आयोजन करेगी। इस दौरान बंगाल समेत देश के पूरे समुद्री तट पर सुरक्षा तैयारियों का व्यापक आकलन किया जाएगा।

कोलकाता स्थित नौसेना बेस आईएनएस नेताजी सुभाष में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बंगाल में नौसेना के प्रभारी अधिकारी (एनओआइसी) कमोडोर अजय यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभ्यास के तहत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय, आपात स्थिति में उनकी प्रतिक्रिया और माक ड्रिल के माध्यम से संवेदनशील ठिकानों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा जाएगा।

पहले यह अभ्यास 18-19 नवंबर को होना था, लेकिन बाद में नौसेना की ओर से सोमवार देर शाम बयान जारी कर कहा गया कि दक्षिण दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात 'अकवान' के बने रहने और इसके उत्तर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए 'सी विजिल-26' अभ्यास के सामरिक चरण की तारीखों में बदलाव किया गया है।

हालांकि, 18 नवंबर को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और 19 नवंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के साथ निर्धारित माक ड्रिल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।

कमोडोर ने बताया कि मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के बाद मजबूत की गई तटीय सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए नौसेना इस देशव्यापी सुरक्षा अभ्यास का आयोजन कर रही है। वर्ष 2019 में 'सी विजिल' अभ्यास की शुरुआत हुई थी।

बंगाल में नौसेना के प्रभारी अधिकारी- सेना, वायुसेना, तटरक्षक बल, बीएसएफ, मरीन पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ), सीमा शुल्क विभाग, मत्स्य विभाग और अन्य नागरिक एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह अभ्यास तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बैठकें और तैयारियां की गई हैं। दूसरे चरण में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से बंगाल के तटीय जिलों में तटीय बुनियादी ढांचे और सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जा रहा है। इसमें नौसेना, तटरक्षक बल, राज्य मरीन पुलिस, सीमा शुल्क और मत्स्य विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

तीसरे यानी अंतिम चरण में कोलकाता स्थित नौसेना स्टेशन के संयुक्त समन्वय केंद्र से अभ्यास का संचालन होगा। इसमें एक काल्पनिक हमलावर दल (रेड फोर्स) बंदरगाहों, तेल प्रतिष्ठानों, समुद्र में स्थित तेल प्लेटफार्मों और अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने का मॉक ड्रिल करेगा।

इसके जरिए विभिन्न एजेंसियों की सतर्कता और आपसी तालमेल को परखा जाएगा। बड़ी संख्या में नौसैनिक जहाजों और विमानों को भी इस अभ्यास में शामिल किया जाएगा।

तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को भी किया जाएगा जागरूक

कमोडोर ने बताया कि इस अभ्यास का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को समुद्री सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। इसके तहत मछुआरा समुदाय, तटीय आबादी, एनसीसी और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के विद्यार्थियों को भी जोड़ा गया है।

विद्यार्थियों को बंगाल में नौसेना की परिसंपत्तियों की जानकारी देने के साथ स्थानीय लाइटहाउस का भ्रमण भी कराया गया है। यह अभ्यास देश की 11,098 किलोमीटर लंबी तटरेखा और 24 लाख वर्ग किलोमीटर में फैले विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) को कवर करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।