Coronavirus Alert in Monsoon: मानसून में कोरोना के संक्रमण का खतरा ज्यादा, डॉक्टरों ने दी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह
Coronavirus Alert in Monsoon डॉक्टरों ने मानसून में कोरोना के संक्रमण का खतरा ज्यादा बताते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। Coronavirus Alert in Monsoon: डॉक्टरों ने मानसून में कोरोना के संक्रमण का खतरा ज्यादा बताते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की साउथ कोलकाता ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. राम दयाल दुबे ने बताया-'बारिश के दिनों में कोरोना के संक्रमण की आशंका ज्यादा है क्योंकि इस मौसम में उमस बढ़ जाती है। किसी भी तरह वायरस उमस वाले वातावरण में तेजी से फैलता है । बंगाल में मानसून के समय उमस काफी बढ़ जाती है इसलिए यहां ज्यादा सावधान रहने की जरुरत है। इसके विपरीत शुष्क गर्मी में वायरस ज्यादा समय तक जिंदा नहीं रह पाता।'
डॉ. दुबे ने आगे कहा-' कोरोना संक्रमण के आंकड़े इसलिए भी बढ़ रहे हैं क्योंकि जांच में भी तेजी आई है। अच्छी बात यह है कि कोरोना से होने वाली मौतों की दर घट रही है और स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है।कोरोना वायरस की मारक शक्ति भी कम होती जा रही है।'
डॉ. दुबे ने कहा-'मास्क पहनना और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना बहुत जरुरी है। सैनिटाइजर हमेशा अपने पास रखना चाहिए और थोड़ी-थोड़ी देर में उसका इस्तेमाल करना चाहिए। हाथ से मुंह,आंख, नाक, कान को छूने से बचना चाहिए। अच्छी बात यह है कि कोरोना से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है।'
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की कोलकाता ब्रांच के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार नेमानी ने कहा-'मानसून में कोरोना के संक्रमण का खतरा सामान्य परिस्थितियों से ज्यादा है क्योंकि जब आर्द्रता बढ़ती है तो उसमें वायरस के जीवित रहने का समय भी बढ़ जाता है। जो वायरस वायुमंडल में तीन घंटे जिंदा रह सकता था, वह छह घंटे तक रह सकता है। वैसे भी मानसून में सीजनल फ्लू ज्यादा होते हैं। कोविड-19 भी एक तरह का फ्लू ही है इसलिए हर तरह के वायरल इंफेक्शन की आशंका बढ़ जाती है इसलिए लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए।'
डॉ. नेमानी ने आगे कहा-'मानसून में गर्म चीजों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करना चाहिए क्योंकि किसी भी तरह का वायरस गर्म वातावरण को ज्यादा देर सहन नहीं कर पाता। गरम भाप भी लिया जा सकता है। इस मौसम में ठंडी चीजों से परहेज करना चाहिए। बाहर निकलते वक्त अनिवार्य रूप से मास्क पहनना चाहिए। रोग प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने के लिए भोजन में पौष्टिक आहार को शामिल करना चाहिए और नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए।'