बंगाल में पंचायतों तक पहुंची TMC में टूट, NCPI का बढ़ा प्रभाव; निर्वाचित प्रतिनिधियों के पाला बदलने से बदले समीकरण
बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस में टूट का सिलसिला पंचायतों तक पहुंच गया है। एनसीपीआइ, तृणमूल के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पाला बदलने से उत्तर और दक्षिण बंगाल की कई पंचायतों में अपना प्रभाव बढ़ा रही है।
-1795627719170_m.webp)
बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। फाइल फोटो
HighLights
तृणमूल से अलग होकर एनसीपीआइ पंचायतों में मजबूत हो रही।
बशीरहाट, संदेशखाली, इस्लामपुर में बड़े राजनीतिक उलटफेर।
एनसीपीआइ, भाजपा, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने बनाए बोर्ड।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के संगठन में टूट का सिलसिला अब पंचायतों तक पहुंच गया है। तृणमूल से अलग होकर बनी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी आफ इंडिया (एनसीपीआइ) ने उत्तर बंगाल के इस्लामपुर और गोआलपोखर से लेकर दक्षिण बंगाल के मिनाखां और संदेशखाली तक कई पंचायतों और पंचायत समितियों में अपना प्रभाव बढ़ाने का दावा किया है। तृणमूल के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पाला बदलने से ग्रामीण निकायों के राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं।
एनसीपीआइ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल है। पार्टी का दावा है कि तृणमूल के 27 लोकसभा सदस्यों में से 20 के अलग होकर उससे जुड़ने और गठबंधन को समर्थन देने के बाद अब पंचायत स्तर पर भी उसका विस्तार हो रहा है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि एनसीपीआइ स्वतंत्र संगठन के रूप में अपनी जमीन तैयार कर रही है या तृणमूल से अलग होने वालों के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में पहुंचने का वैकल्पिक मंच बन रही है।
बशीरहाट और संदेशखाली में बड़ा उलटफेर
दल-बदल का सबसे बड़ा असर बशीरहाट संसदीय क्षेत्र में दिख रहा है। एनसीपीआइ के अनुसार, उसने 13 ग्राम पंचायतों और दो पंचायत समितियों में प्रभाव स्थापित किया है। मिनाखां पंचायत समिति के 23 सदस्यों में से 13, जिनमें उपाध्यक्ष भी शामिल हैं, पार्टी में चले गए।
इसके बाद अध्यक्ष सैफुद्दीन मोल्ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। कुल्टी ग्राम पंचायत के 20 में से 13 सदस्य भी एनसीपीआइ में शामिल हुए हैं। संदेशखाली-दो पंचायत समिति के 24 में से 17 सदस्यों ने पार्टी का दामन थामा है।
वहीं, संदेशखाली-एक की नजात-दो ग्राम पंचायत के 26 में से 19 सदस्य एनसीपीआइ में गए। संदेशखाली-दो की चार पंचायतों में भी दल-बदल हुआ है। संदेशखाली में 17 में से 11, बेरमजूर में 12 में से 10, दुर्गामंडप में 22 में से 14 और कराकाटी में 21 में से 15 सदस्यों के पार्टी में शामिल होने का दावा किया गया है।
उत्तर बंगाल में भी बदले समीकरण
उत्तर दिनाजपुर के गोआलपोखर-दो पंचायत समिति के 33 सदस्यों में से अध्यक्ष सहित 16 तृणमूल सदस्य एनसीपीआइ में चले गए। कांग्रेस का एक सदस्य भी पार्टी में शामिल हुआ। इस्लामपुर पंचायत समिति में तृणमूल के कुछ सदस्य एनसीपीआइ और कुछ गोरखा जनमुक्ति मोर्चा में गए। इसके बाद एनसीपीआइ, भाजपा और गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने मिलकर बोर्ड बनाया।
एनसीपीआइ के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग सिंह ने कहा कि पार्टी पूरे बंगाल में संगठन का विस्तार कर रही है। वहीं, तृणमूल विधायक कुनाल घोष ने भाजपा पर अपनी बी और सी टीमों के जरिए तृणमूल को कमजोर करने का आरोप लगाया।
माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी इसे भाजपा के विस्तार की रणनीति से जोड़ा। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा अवांछित तत्वों को पार्टी में लेने के पक्ष में नहीं है, हालांकि देशहित में कुछ समझौते करने पड़ते हैं।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि फिलहाल एनसीपीआइ की बढ़त पंचायतों में निर्वाचित प्रतिनिधियों के पाला बदलने और स्थानीय बोर्डों के समीकरण तक सीमित है। इसे राज्यव्यापी जनसमर्थन का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।