इंजीनियरिंग के साथ IIT खड़गपुर अब मेडिकल की भी कराएगा पढ़ाई,12 सीटों पर MD कोर्स को मिली मंजूरी
आईआईटी खड़गपुर अब तकनीकी शिक्षा के साथ मेडिकल की पढ़ाई भी कराएगा, जिसे राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन ने 12 एमडी सीटों ...और पढ़ें

आईआईटी खड़गपुर में अब इंजीनियरिंग के साथ मेडिकल की पढ़ाई भी (फाइल फोटो)
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश के सबसे पुराने तकनीकी संस्थानों में शामिल आईआईटी खड़गपुर अब तकनीक के साथ मेडिकल की भी पढ़ाई कराएगा। नेशनल मेडिकल कमीशन ( एनएमसी) ने उसे 12 सीटों के साथ एमडी (डॉक्टर आफ मेडिसिन) यानी मेडिकल से जुड़े मास्टर कोर्स को शुरू करने की मंजूरी दी है।
इसके साथ ही यह देश का पहला ऐसा आईआईटी बन गया है, जहां तकनीक के साथ मेडिकल की भी पढ़ाई होगी। इसका पहला बैच इसी साल से शुरू होगा। इन सीटों पर नीट-पीजी की चल रही काउंसिल से ही प्रवेश दिया जाएगा।
आईआईटी खड़गपुर के मुताबिक शैक्षणिक सत्र 2026–27 से संस्थान के डा बीसी राय मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में एमडी का पहला बैच शुरू होगा।
इस दौरान जिन छह प्रमुख चिकित्सा विषयों के साथ इस प्रोग्राम की शुरुआत की गई है, जनरल मेडिसिन, रेडियोलाजी, फिजियोलाजी, पैथालाजी, कम्यूनिटी मेडिसिन और बाया कैमेस्ट्री शामिल है। इस दौरान प्रत्येक विषय के लिए दो-दो सीटें निर्धारित की गई हैं।
डाक्टर बनेंगे ‘क्लिनिशियन-इनोवेटर’
इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा शिक्षा से आगे बढ़कर मेडिसिन, इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और बायोमेडिकल साइंस के बीच की दूरियों को मिटाना है।
यहां पढ़ने वाले डाक्टरों को एआई-आधारित डायग्नोस्टिक्स, आधुनिक मेडिकल इमेजिंग, कम्प्यूटेशनल पैथोलॉजी व किफायती हेल्थकेयर उपकरणों पर शोध करने का सीधा अवसर मिलेगा।
आईआईटी निदेशक प्रो सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक हमारा उद्देश्य सिर्फ विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं है बल्कि एक ऐसा इकोसिस्टम बनाना है जहां क्लिनिकल उत्कृष्टता का संगम तकनीक, एआइ व शोध से हो। हम भविष्य की चिकित्सा का सिर्फ अनुसरण नहीं करना चाहते, बल्कि उसे गढ़ना भी चाहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।