गृह शिक्षक के साथ अवैध संबंध को लेकर पति की हत्या, 10 वर्षीय बेटे की गवाही पर हुई गिरफ्तार
एक महिला ने अपने बेटे को पढ़ाने घर आने वाले गृह शिक्षक के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। दोनों के बीच अवैध संबंध बताया जा रहा है।
कटवा, जागरण संवाददाता। एक महिला ने अपने बेटे को पढ़ाने घर आने वाले गृह शिक्षक के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। दोनों के बीच अवैध संबंध बताया जा रहा है। यह घटना पूर्व बर्द्धमान जिले के कटवा थानांतर्गत विजयगढ़ ग्राम में घटी। मृतक का नाम सुजीत मंडल है।
पुलिस ने मृतक की पत्नी शंपा मंडल व गृह शिक्षक नयन पाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ माह से नयन सुजीत के बेटे को पढ़ाने के लिए उसके घर आ रहा था। आने-जाने के दौरान उसका शंपा के साथ अवैध संबंध हो गया था। जब इसकी सूचना सुजीत को मिली तो उसने इसका विरोध किया। सुजीत अपनी पत्नी पर नजर रखने लगा। इससे शंपा और नयन का मिलना जुलना बंद हो गया। इससे तंग आकर दोनों ने सुजीत की हत्या करने की साजिश रच डाली।
बताया गया है कि बुधवार रात शंपा ने पति के खाने में काफी अधिक मात्रा में नींद की गोली मिलाकर उसे खिला दी। उसे लगा कि नींद की गोली के असर से वह मर जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुई। गुरुवार तड़के तक उसकी सांस चल रही थी। शंपा ने इसकी सूचना नयन को दी। वह उसके घर पहुंचा और दोनों ने तकिये से उसका दम घोंटकर हत्या कर दी। सुजीत के 10 वर्षीय बेटे की गवाही पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।