'पूरा वीडियो जल्द सामने लाएंगे', विवादित वीडियो पर हुमायूं की पार्टी ने दी सफाई
हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने विवादित वीडियो पर सफाई दी है। पार्टी प्रवक्ता कमाल हुसैन ...और पढ़ें
HighLights
एजेयूपी ने विवादित वीडियो को एडिटेड बताया।
पार्टी जल्द ही वीडियो का पूरा संस्करण जारी करेगी।
मामला कलकत्ता हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। विवादित वीडियो मामले को लेकर हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने अब अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। रविवार को पार्टी के प्रवक्ता कमाल हुसैन ने संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि जिस वीडियो को लेकर विवाद हो रहा है, उसका पूरा संस्करण बहुत जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।
कमाल हुसैन ने आरोप लगाया कि प्रसारित वीडियो को काट-छांटकर एडिट किया गया है, जिससे हुमायूं कबीर की छवि खराब करने की कोशिश की गई है।
कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचा मामला
कमाल हुसैन के मुताबिक, वीडियो को जांच के लिए सेंट्रल फॉरेंसिक लैब में भेजा गया है और इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया गया है।
पार्टी का दावा है कि यह वीडियो 19 दिसंबर 2025 का है, जबकि इसे आठ अप्रैल को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया गया। इतने लंबे अंतराल के बाद वीडियो सामने आने पर उन्होंने साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया गया, उसकी शिकायत चुनाव आयोग समेत कई जगहों पर की गई है।
कमाल हुसैन ने सवाल उठाया कि जब वीडियो शूट किया गया था, तब तृणमूल कांग्रेस ने इसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया। उनका आरोप है कि हुमायूं कबीर से घबराकर ही तृणमूल कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रसारित वीडियो में कथित तौर पर हुमायूं को भाजपा नेताओं से संबंधों की बात करते हुए सुना जा रहा है। साथ ही, कथित तौर पर पैसों के लेन-देन से जुड़ी टिप्पणियां भी सामने आई हैं।
हालांकि, हुमायूं कबीर ने वीडियो की सत्यता से साफ इन्कार किया है। जागरण ने वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में BJP की बूथ प्रबंधन रणनीति, कार्यकर्ताओं को दिया ये टास्क; ममता के गण में कैसे सेंध लगाएगी भाजपा?