कोलकाता: ऑपरेशन सतर्क के तहत हावड़ा स्टेशन पर 2.54 करोड़ रुपये का सोना जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
पूर्व रेलवे आरपीएफ ने हावड़ा स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत 1.742 किलोग्राम सोना जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.54 करोड़ रुपये है।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
हावड़ा स्टेशन पर 1.742 किलोग्राम सोना जब्त किया गया।
जब्त सोने की अनुमानित कीमत 2.54 करोड़ रुपये आंकी गई।
ओडिशा के एक यात्री को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पूर्व रेलवे आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा स्टेशन पर एक यात्री को हिरासत में लेकर उसके पास से करीब 1.742 किलोग्राम सोना बरामद किया। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 54 लाख 64 हजार 556 रुपये है।
आरपीएफ की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) ने 6 नवंबर को खुफिया सूचना के आधार पर कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस (15644 डाउन) में यात्रा कर रहे ओडिशा के गंजाम निवासी 36 वर्षीय के. चंद्र शेखर दास को पकड़ा। वह सोने की खरीद और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच के दौरान सोने के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। बाद में आरोपी और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोलकाता कस्टम्स विभाग को सौंप दिया गया।