'कपड़े उतरवाकर ली तलाशी', हावड़ा के गर्ल्स स्कूल में महिला परीक्षार्थियों से बदसलूकी; जांच शुरू
हावड़ा के सांकराइल गर्ल्स हाई स्कूल में डीएलएड परीक्षा के दौरान महिला परीक्षार्थियों से दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच शुरू ...और पढ़ें

हावड़ा के गर्ल्स स्कूल में महिला परीक्षार्थियों से बदसलूकी की जांच शुरू (प्रतिकात्मक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । हावड़ा के सांकराइल गर्ल्स हाई स्कूल में डीएलएड परीक्षा के दौरान महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के नाम पर दुर्व्यवहार के आरोप की जांच शुरू हो गई है। हावड़ा जिला प्राथमिक शिक्षा परिषद ने सोमवार को तीन सदस्यीय दल को स्कूल भेजकर प्रधान शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की।
परिषद के अध्यक्ष दिलीप कुमार साहा ने कहा कि शिकायतकर्ताओं से भी पूछताछ की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
आठ से 12 सितंबर तक हुई परीक्षा के दौरान कई महिला परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि नकल रोकने के नाम पर कुछ महिला बाउंसरों ने उनके कपड़ों की तलाशी ली।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि तलाशी के दौरान उनके अंतर्वस्त्र तक उतरवाए गए और आपत्तिजनक तरीके से तलाशी ली गई। कुछ परीक्षार्थियों ने सांकराइल थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
शिक्षा परिषद ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद जिला प्राथमिक शिक्षा परिषद की दो महिला सहायक निरीक्षकों और एक पुरुष सहायक निरीक्षक की टीम ने स्कूल जाकर पूछताछ की। अध्यक्ष ने कहा कि जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ताओं और आरोपित पक्ष को परिषद के कार्यालय बुलाकर भी पूछताछ की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। परीक्षार्थियों ने यह भी सवाल उठाया है कि सरकारी स्कूल में परीक्षा के दौरान निजी एजेंसी के बाउंसरों को तलाशी की जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई। परिषद अब इस पहलू की भी जांच कर रही है।
