महिला परीक्षार्थियों के कपड़े उतरवाए, निजी अंगों को छुआ और वीडियो बनाया; बंगाल में बवाल
हावड़ा के सांकराइल स्थित सरकारी गर्ल्स हाई स्कूल में डीएलएड परीक्षा के दौरान महिला परीक्षार्थियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने और निजी अंगों को छूने का गंभीर आरोप लगा है

कपड़े और अंतर्वस्त्र तक उतरवाने का आरोप (प्रतीकात्मक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के हावड़ा जिले के सांकराइल स्थित सरकारी गर्ल्स हाई स्कूल में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की परीक्षा के दौरान महिला परीक्षार्थियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। परीक्षार्थियों का आरोप है कि तलाशी के नाम पर कुछ महिला बाउंसरों ने उनके अंतर्वस्त्र (अंडरगारमेंट) तक उतरवाए और निजी अंगों को छुआ।
परीक्षार्थियों की लिखित शिकायत के बाद सांकराइल थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आठ से 12 सितंबर तक चली परीक्षा के दौरान यह घटना होने का आरोप है। परीक्षा देने पहुंची कई युवतियों और महिला परीक्षार्थियों ने शिकायत की कि परीक्षा शुरू होने से पहले निजी एजेंसी की महिला बाउंसरों ने नकल रोकने के नाम पर उनकी तलाशी ली।
वीडियो बनाने का आरोप
उनका आरोप है कि उनके कपड़े और अंतर्वस्त्र तक उतरवाए गए। एक महिला परीक्षार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसका अंतर्वस्त्र उतरवाकर वीडियो तक बनाया गया।
लगातार कई दिनों तक तलाशी की इस प्रक्रिया से परेशान परीक्षार्थियों ने शुक्रवार रात सांकराइल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्कूल पहुंचे और परीक्षार्थियों तथा स्कूल प्रबंधन से बातचीत की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच शुरू
जिला प्राथमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष तथा जिला प्राथमिक विद्यालय निरीक्षक दिलीप कुमार साहा ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। जिला प्राथमिक शिक्षा विभाग की ओर से भी जांच शुरू की गई है और परीक्षार्थियों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
परीक्षार्थियों का कहना है कि उन्होंने तलाशी के इस तरीके पर परीक्षा के दिनों में आपत्ति जताई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया।
पुरुष परीक्षार्थियों ने भी लगाया आरोप
महिला परीक्षार्थियों के अलावा पुरुष परीक्षार्थियों ने भी कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का आरोप लगाया है। एक पुरुष परीक्षार्थी के अनुसार, उनकी भी परीक्षा से पहले शर्ट और पैंट उतरवाकर तलाशी ली गई।
ऐसे में जांच का दायरा महिला और पुरुष दोनों परीक्षार्थियों से जुड़े आरोपों तक पहुंच गया है। सरकारी स्कूल परिसर में निजी संस्था के बाउंसरों के माध्यम से इस तरह की तलाशी लिए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
