विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: हावड़ा नगर निगम की परिसीमन प्रक्रिया कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती, 1 दिसंबर तक टली सुनवाई

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:58 PM (IST)

हावड़ा नगर निगम के चुनाव से पहले वार्डों के परिसीमन को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि चुनाव संबंधी कोई भी प्रशासनिक फैसला याचिका के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा, अगली सुनवाई 1 दिसंबर को है।

हावड़ा नगर निगम परिसीमन प्रक्रिया कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती सुनवाई (फाइल फोटो)

हावड़ा नगर निगम परिसीमन प्रक्रिया कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती सुनवाई (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हावड़ा नगर निगम (एचएमसी) के चुनाव की तैयारियों के बीच परिसीमन प्रक्रिया को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। हाई कोर्ट ने सोमवार को निर्देश दिया कि निगम चुनाव को लेकर राज्य सरकार की ओर से लिया जाने वाला कोई भी प्रशासनिक फैसला इस मामले में दायर याचिका के अंतिम नतीजे के अधीन रहेगा।

न्यायमूर्ति राजा बसु चौधरी ने मामले की सुनवाई एक दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी। याचिकाकर्ता के वकील शमीम अहमद ने अदालत में दावा किया कि हावड़ा नगर निगम के वार्डों का परिसीमन निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं किया गया है।

उन्होंने इस परिसीमन को रद करने की मांग की। इसपर न्यायमूर्ति ने निर्देश दिया कि याचिका पर आने वाले फैसले का असर निगम चुनाव से संबंधित राज्य सरकार के किसी भी प्रशासनिक निर्णय पर पड़ेगा।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि कोलकाता नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने से संबंधित परिसीमन मामले में हाई कोर्ट की खंडपीठ के आदेश को राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस संबंध में राज्य की विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) लंबित है।

गौरतलब है कि हाई कोर्ट की खंडपीठ ने गत छह नवंबर को राज्य निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया था कि एकल पीठ में लंबित परिसीमन संबंधी याचिका का निपटारा होने तक कोलकाता नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी न की जाए। इसी मामले में राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।