सोनारपुर में गृहिणी की हत्या, घर से गला कटा शव बरामद
जागरण संवाददाता कोलकाता दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर थानांतर्गत मयलापोता इलाके में एक गृ
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर थानांतर्गत मयलापोता इलाके में एक गृहिणी की गला काट कर हत्या कर दिए जाने की घटना प्रकाश में आई है। सोमवार की देर रात घर से ही उसका शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान यमुना वणिक के रूप में हुई है। वह पेशे से आया का काम करती थी। शव के पास से खून से लथपथ पहसूल बरामद हुआ। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के घर का दरवाजा तोड़ कर शव बाहर निकाला और पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या के लिए इस्तेमाल हथियार को भी जब्त कर लिया।
जानकारी के मुताबिक मयलापोता निवासी यमुना का पति नेपाल वणिक सोमवार की सुबह ही अपने काम पर निकल चुका था। जबकि यमुना दोपहर में काम पर जाने वाली थी। पर शाम को काम खत्म होने के बाद नेपाल घर लौटने के लिए बालीगंज स्टेशन से ट्रेन पकड़ी। उसने वहीं से यमुना को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शाम को सोनारपुर स्टेशन पहुंचने पर उसने वहीं से मछली और सेव खरीदा और घर पहुंचा। पर दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी पुकारने पर भी जब यमुना ने दरवाजा नहीं खोला, तो उसे संदेह हुआ। उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ कर भीतर प्रवेश किया। पर घर के भीतर फर्श पर यमुना का गला कटा शव पड़ा था। पास ही धारदार हथियार भी मिला। तुरंत इसकी सूचना सोनारपुर थाने को दी। कुछ देर में पुलिस पुलिस पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत थाने में किसी तरह का मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस ने संदेह के आधार पर यमुना के पति नेपाल को कब्जे में लेकर पूछताछ कर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।