बंगाल: गैराज की आड़ में चल रहा था गांजे का धंधा, मालिक गिरफ्तार; 70 हजार रुपये नकद भी बरामद
बंगाल के हुगली जिले में एक गैराज की आड़ में चल रहे अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ...और पढ़ें

(यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल के हुगली जिले में गैराज के भीतर गैरकानूनी तरीके से गांजे की खेप को छिपाकर इसका अवैध कारोबार चलाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुगली के पोलबा थाना क्षेत्र के पांचरखी गांव में एक गैराज में छापेमारी कर पुलिस ने कई किलो गांजा बरामद किया है।
मौके से भागने की कोशिश कर रहे गैराज मालिक बाबू पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 70 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस ने गैराज से एक बोलेरो गाड़ी को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, सुगंधा ग्राम पंचायत के पांचरखी गांव स्थित उक्त गैराज से रात के समय गाड़ी के जरिए गांजा कहीं भेजे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पोलबा थाने के थानेदार शुभ घोष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक गैराज में छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान चूंचूड़ा के रवींद्रनगर निवासी बाबू पाल के रूप में हुई।
पुलिस ने बाबू को साथ लेकर गैराज के अंदर तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग बंडलों में कई किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गैराज से 70 हजार रुपये नकद और एक बोलेरो गाड़ी भी मिली।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि बाबू पाल ही उक्त गैराज को चलाता था। उसने कुछ वर्ष पहले गैराज खरीदा था। आरोप है कि गैराज की आड़ में वह अवैध रूप से गांजे का धंधा चला रहा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां भेजा जाना था। इसके साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
