बंगाल: हुगली में रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, पिस्तौल और लाखों रुपये कैश बरामद
हुगली ग्रामीण पुलिस ने रंगदारी वसूलने वाले एक गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथियार, ...और पढ़ें

हुगली में रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
हुगली में रंगदारी वसूलने वाले चार बदमाश गिरफ्तार।
दो पिस्तौल, 10 कारतूस और 4 लाख रुपये बरामद।
गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं।
डिजिटल डेस्क, हुगली। हथियार दिखाकर रंगदारी वसूलने के आरोप में हुगली ग्रामीण पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो 7 एमएम पिस्तौल, 10 राउंड कारतूस और चार लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में शामिल तीन अन्य आरोपितों की पहचान भी की है, जो फिलहाल फरार हैं।
शनिवार को मगरा थाने में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डा। कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नाम केनाराम विश्वास, अरिंदम दास, स्वराज भट्टाचार्य और अभिजीत घटक हैं।
उन्हें शुक्रवार रात त्रिवेणी घाट इलाके से गिरफ्तार किया गया। मौके पर डीएसपी क्राइम अभिजीत सिन्हा महापात्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य मुन्ना तिवारी, भास्कर सेन और सोमू फरार हैं। भास्कर सेन और स्वराज भट्टाचार्य गिरोह के मुख्य संचालक बताए जा रहे हैं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य आग्नेयास्त्र दिखाकर लोगों को डराते और उनसे रंगदारी वसूलते थे।
पुलिस ने बताया कि स्वराज भट्टाचार्य के कब्जे से चार लाख रुपये नकद बरामद हुए, जबकि केनाराम विश्वास और अरिंदम दास के पास से आग्नेयास्त्र मिले। बरामद हथियारों और नकदी के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जांच में पता चला है कि इस मामले का पीड़ित क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन से जुड़ा हुआ था। उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुन्ना तिवारी के घर पर एकत्र हुए थे और वहीं रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए निकलते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।