विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kolkata: मालदा के एक स्कूल में बंदूक लहराते शख्स के घुसने से मचा हड़कंप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Shashank Mishra
Published: Wed, 26 Apr 2023 08:05 PM (GMT+05:30)

घटना के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संभावित स्कूल बंधक संकट को टालने व आरोपित को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की सराहना की है। साथ ही आशंका जताई कि यह पूरा मामला साजिश भी हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने बंधक संकट टालने के लिए पुलिस की सराहना की
मुख्यमंत्री ने बंधक संकट टालने के लिए पुलिस की सराहना की

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल के मालदा जिले के एक उच्च विद्यालय में क्लास चलने के दौरान छात्रों से भरी कक्षा में बुधवार को बंदूक लेकर एक शख्स अचानक घुस आया, जिसको लेकर हड़कंप मच गया। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की पुलिस की सराहना

घटना के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संभावित स्कूल बंधक संकट को टालने व आरोपित को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की सराहना की है। साथ ही आशंका जताई कि यह पूरा मामला साजिश भी हो सकता है। मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय में पत्रकारों से कहा, मालदा स्कूल में बंदूक लहराने वाले व्यक्ति का मामला पागलपन नहीं हो सकता।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के ओल्ड मालदा इलाके में स्थित मुचिया आंचल चंद्रमोहन उच्च विद्यालय की है। छात्रों में उस वक्त दहशत फैल गई जब अज्ञात व्यक्ति बंदूक लेकर आठवीं कक्षा में घुस गया और चिल्लाने लगा। बंदूक के अलावा उस शख्स के पास तरल पदार्थ की दो बोतलें भी थी।

बंदूक के साथ चाकू भी किया जब्त

बंदूक हाथ में लिए हुए वह बच्चों पर चिल्ला रहा था और बच्चों तथा शिक्षक को कथित तौर पर गोली मारने तक की धमकी दे रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों ने तुरंत उस व्यक्ति पर काबू पा लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से बंदूक तथा तरल पदार्थ युक्त दो बोतलें और एक चाकू जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने दावा किया कि उसने इस वारदात को अंजाम इसलिए दिया क्योंकि उसका बेटा और पत्नी एक साल से लापता हैं और ऐसा करके वह प्रशासन पर दबाव बनाना चाहता था। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद कक्षाएं तुरंत निलंबित कर दी गईं। वहीं, घटना से परेशान बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।