गेस्ट हाउस से ब्रिटिश महिला पर्यटक का शव मिला
जोधपुर पार्क इलाके के एक गेस्ट हाउस से संदिग्ध हालत में एक ब्रिटिश महिला पर्यटक की लाश बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जोधपुर पार्क इलाके के एक गेस्ट हाउस से संदिग्ध हालत में एक ब्रिटिश महिला पर्यटक की लाश बरामद हुई। मृतका का नाम हेलेन मारिया (69) है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के साथियों से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बीते 17 अक्टूबर को हेलेन अपने पांच साथियों के साथ कोलकाता पहुंची थी। इसके बाद सभी लेक थाना क्षेत्र के जोधपुर पार्क स्थित एक गेस्ट हाउस में रुके थे। शनिवार रात को उनका मुंबई जाने का कार्यक्रम था लेकिन दोपहर करीब 12 बजे हेलेन संदिग्ध हालात में अपने कमरे में पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में जुट गई है। मृतका का पासपोर्ट भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल पाएगा।