'जिस कॉलेज ने मेरे जीवन को दिशा दी...', सुंदर पिचाई की पहल पर IIT खड़गपुर को 46 करोड़ की मदद करेगा गूगल
गूगल ने आईआईटी खड़गपुर को उसके 75वें स्थापना वर्ष पर 46 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का एलान किया है। यह राशि उन्नत एआई अनुसंधान को बढ़ावा देने और देश में अगली पीढ़ी के वैज्ञानिकों को तैयार करने में उपयोग होगी।

आईआईटी खड़गपुर को गूगल देगा 46 करोड़ रुपये (File Photo)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर तकनीकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी गूगल ने संस्थान को 46 करोड़ रुपये (पांच मिलियन डॉलर) की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। इस राशि का इस्तेमाल उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) अनुसंधान को बढ़ावा देने और देश में नई पीढ़ी के वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को तैयार करने में किया जाएगा।
खास बात यह है कि इस पहल की परिकल्पना आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र और गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने की है। समारोह में संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
यह सहयोग संस्थान के शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में मदद करेगा। इनमें उन्नत एआई अनुसंधान, शैक्षणिक अवसरों का विस्तार और एआई के क्षेत्र में संस्थागत क्षमता का विकास शामिल है। इस वित्तीय सहायता का एक बड़ा हिस्सा वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए एआई आधारित अनुसंधान पर खर्च होगा। इसके तहत भारतीय भाषाओं, पदार्थ विज्ञान, कृषि और शैक्षणिक तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
भारतीय भाषाओं के लिए एआई तकनीक विकसित करने से लेकर कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तक में इस तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर रहेगा। इसके अलावा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एआई प्रशिक्षण का विस्तार तथा पाठ्यक्रम विकास भी इस पहल का हिस्सा होगा। इससे संस्थान में एआई आधारित शिक्षा और शोध के अवसर बढ़ेंगे।
कैंपस में मजबूत होगा तकनीकी ढांचा
गूगल की सहायता से आईआईटी खड़गपुर में एआई से जुड़े फ्रेमवर्क और तकनीकी उपकरणों को भी विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पूरे परिसर में शोध एवं तकनीकी गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था तैयार करना है।
सुंदर पिचाई ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर भारतीय भाषाओं, कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहा है। गूगल इस नई साझेदारी के जरिये इन प्रयासों को गति देने के लिए उत्साहित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आईआईटी खड़गपुर ने उनके जीवन को दिशा दी, उसी तरह यह सहयोग अगली पीढ़ी के विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में मददगार होगा।
पिचाई के मुताबिक भारत नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसी पहल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिसके तहत एआई का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।