कोलकाता के फाइव स्टार होटल में जर्मन पर्यटक की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला सड़ा-गला शव
कोलकाता के धर्मतल्ला स्थित पीयरलेस होटल में एक जर्मन पर्यटक थामस मिंटेन (67) का सड़ा-गला शव मिला है।

कोलकाता के फाइव स्टोर के कमरे में मिला जर्मन पर्यटक का सड़ा-गला शव। (फोटो-जागरण)
HighLights
कोलकाता के पीयरलेस होटल में जर्मन पर्यटक का शव मिला।
थामस मिंटेन (67) का सड़ा-गला शव कमरे से बरामद।
पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। महानगर के धर्मतल्ला इलाके में स्थित पांच सितारा पीयरलेस होटल के कमरे से सोमवार सुबह एक जर्मन पर्यटक का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।
कमरे से मिला सड़ा गला शव
मृतक की पहचान जर्मनी के नागरिक थामस मिंटेन (67) के रूप में हुई है। वह पर्यटक वीजा पर कोलकाता आए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9.41 बजे न्यू मार्केट थाना क्षेत्र स्थित होटल के कमरा नंबर 1602 में उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया।
सूचना मिलते ही न्यू मार्केट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में पर्यटक का शव सड़ने की अवस्था में मिलने के कारण मौत के समय और परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
घूमने के दौरान खराब हुई थी तबियत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोलकाता मेडिकल कालेज भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थामस 21 नवंबर को कोलकाता पहुंचे थे। उन्होंने पीयरलेस होटल में कमरा लिया था और 25 नवंबर को उनकी बर्लिन लौटने की योजना थी।
इस दौरान वह महानगर के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक शहर घूमने निकले थामस की अचानक तबीयत खराब हो गई थी।
इसके बाद वह अपना भ्रमण बीच में ही छोड़कर होटल लौट आए थे। सोमवार सुबह जब उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता पुलिस की होमिसाइड टीम भी होटल पहुंची। जांच अधिकारियों ने कमरे की परिस्थितियों का जायजा लिया और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि पर्यटक की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल लौटने के बाद उन्हें अंतिम बार कब देखा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार मौत के असल कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।