विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भविष्य के युद्धों के लिए सेना को खुद को पूरी तरह बदलना होगा', पूर्व सेना प्रमुख मनोज पांडे का बड़ा बयान

Published: Sun, 19 Jul 2026 10:20 PM (IST)Updated: Sun, 19 Jul 2026 11:13 PM (IST)

पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बावजूद युद्ध में सैनिकों की भूमिका निर्णायक रहेगी और सेना को भविष्य के लिए साइबर व स्पेस जैसे नए डोमेन में खुद को बदलना होगा।

पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे

पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे

HighLights

  1. सैनिकों की भूमिका निर्णायक, सेना को साइबर-स्पेस में बदलना होगा।

  2. भविष्य के संघर्षों के लिए सशस्त्र बलों को तैयार रहना होगा।

  3. पूर्वी भारत को रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करें।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने इस बात पर जोर दिया है कि आधुनिक तकनीक के तेजी से शामिल होने के बावजूद युद्ध में सैनिकों की भूमिका निर्णायक बनी रहेगी और सेना को भविष्य के लिए साइबर व स्पेस जैसे नए डोमेन में खुद को पूरी तरह बदलना होगा।

कोलकाता में ‘व्याना जियो-इकोनॉमिक फोरम’ (वीजीईएफ) द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक लचीलापन’ विषय पर एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त जनरल पांडे ने कहा कि आने वाले समय में युद्ध सिर्फ जमीन, समुद्र और आसमान तक सीमित नहीं रहेंगे।

साइबर स्पेस, अंतरिक्ष, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना युद्ध जैसे नए क्षेत्र भी उतने ही महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों के लिए तैयार रहने के लिए भारत के सशस्त्र बलों को साइबर, अंतरिक्ष और सूचना युद्ध समेत कई क्षेत्रों में बदलाव करने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि भारतीय सशस्त्र बलों को इन नई चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

इसके लिए सिर्फ हथियारों का आधुनिकीकरण काफी नहीं होगा, बल्कि मानव संसाधन, तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, संगठनात्मक ढांचे और सैन्य रणनीति में भी बदलाव जरूरी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता और पूर्वोत्तर में रक्षा विनिर्माण केंद्र के तौर पर उभरने की अपार संभावनाएं (जबर्दस्त क्षमता) है। भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूर्वी भारत की क्षमता का पूरा इस्तेमाल करना होगा।

पांडे ने उल्लेख किया कि यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर समेत कई प्रमुख इंजीनियरिंग एवं शैक्षणिक संस्थान हैं। पांडे ने कहा कि असम इस क्षेत्र में पहले ही उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है। उन्होंने बंगाल से इस क्षेत्र में आगे बढ़कर इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अनुकूल नीतियां क्षेत्र की क्षमता को सामने लाने में मदद कर सकती हैं।

सम्मेलन को भारतीय सशस्त्र बलों के कई दिग्गज सेवानिवृत्त अधिकारियों ने संबोधित किया। इसमें आर्मी ट्रेनिंग कमांड के पूर्व जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ और संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के वर्तमान सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला (रिटायर्ड), पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल नागेश कपूर (रिटायर्ड), पूर्व उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रतो साहा (रिटायर्ड), पूर्व उप सेना प्रमुख व वीजीईएफ के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल तरुण कुमार आईच (रिटायर्ड) और लेफ्टिनेंट जनरल दुष्यंत सिंह (रिटायर्ड), अर्थशास्त्री डॉ अजीत राणाडे जैसे दिग्गजों ने संबोधित किया। व्याना जियो-इकोनाॉमिक फोरम के निदेशक अभिनव छेत्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।