जोका से सागरद्वीप तक सड़क का होगा चौड़ीकरण, गंगासागर के लिए बनेगा 6 लाइन का हाईवे; गडकरी ने दिया निर्देशे
जोका से सागरद्वीप तक डायमंड हार्बर रोड को छह लेन तक चौड़ा करने की योजना है, जिससे गंगासागर मेले के ...और पढ़ें

छह लेन का होगा डायमंड हार्बर रोड (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
जोका से सागरद्वीप तक छह लेन सड़क विस्तार प्रस्तावित।
गंगासागर मेले और सुंदरबन कनेक्टिविटी होगी बेहतर।
नितिन गडकरी ने डीपीआर बनाने का दिया निर्देश।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । गंगासागर मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और सुंदरबन क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत करने के लिए जोका से सागरद्वीप तक डायमंड हार्बर रोड के विस्तार की योजना है। वर्तमान दो लेन की सड़क को छह लेन तक चौड़ा करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के सामने रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण 24 परगना जिला, जिसके अंतर्गत गंगासागर पड़ता है, के चार भाजपा विधायकों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है।
विधायकों के अनुसार, गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में सागर के विधायक सुमंत मंडल, फलता के विधायक देवांशु पांडा, सातगछिया के विधायक अग्निश्वर नस्कर और बेहला पूर्व के विधायक शंकर सिकदर शामिल हैं।
विधायकों ने मंत्री को बताया कि जोका से डायमंड हार्बर तक मौजूदा दो लेन की सड़क व आगे सागरद्वीप तक सड़क का विस्तार करना भी जरूरी है। मालूम हो कि डायमंड हार्बर रोड दक्षिण 24 परगना के दूरदराज के इलाकों और सागरद्वीप तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है।
हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित गंगासागर मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु कपिल मुनि आश्रम में पूजा और सागर में पुण्य स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान सड़क पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।
सुंदरबन के पर्यटन और कारोबार को भी पहुंचेगा लाभ
इस सड़क का महत्व केवल गंगासागर मेले तक सीमित नहीं है। दक्षिण 24 परगना जिले के विस्तृत सीमावर्ती और सुंदरबन के कई हिस्सों में बेहतर सड़क संपर्क का अभाव लंबे समय से महसूस किया जाता रहा है।
सड़क चौड़ी होने से सागरद्वीप और सुंदरवन क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी सुविधा मिल सकती है। मालूम हो कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की घोषणा की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।