गंगासागर मेले की सुरक्षा में पहली बार भारतीय सेना करेगी मदद, CM शुभेंदु अधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
बंगाल सरकार आगामी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी में है, जिसमें पहली बार भारतीय सेना सुरक्षा निगरानी में मदद करेगी।

गंगासागर मेले में इस बार सुरक्षा निगरानी में सेना भी करेगी मदद (फाइल फोटो-PTI)
HighLights
सुरक्षा निगरानी में पहली बार भारतीय सेना की मदद।
मेले को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की विशेष योजना।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु तीन जोन में व्यवस्था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार आगामी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी में जुट गई है। इस बार रिकार्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
गंगासागर मेले में सुरक्षा निगरानी में पहली बार भारतीय सेना भी मदद करेगी। नवान्न सूत्रों के अनुसार, इसके लिए राज्य सरकार सेना की पूर्वी कमान के साथ संपर्क में है, जिसका मुख्यालय कोलकाता में ही है। जल, थल और आकाश मार्ग से निगरानी के साथ ड्रोन के जरिए भी नजर रखी जाएगी।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए राज्य पुलिस ने तीन आइजी और नौ डीआइजी स्तर के अनुभवी अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है। दूसरी ओर, इस बार गंगासागर मेले को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की योजना है।
पहली बार होगला पत्तों और प्लास्टिक के इस्तेमाल से मुक्त मेला आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए होगला पत्तों की कामचलाऊ झोपड़ियों के स्थान पर मेला परिसर में आधुनिक टेंट लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार देर शाम कोलकाता के अलीपुर स्थित दक्षिण 24 परगना के जिलाधिकारी कार्यालय में गंगासागर मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)। सिद्धिनाथ गुप्ता समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
तीन जोन में होगी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गंगासागर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को तीन जोन में बांटा जाएगा। इनमें काकद्वीप-लाट नंबर आठ, कचुबेरिया और मुख्य गंगासागर मेला परिसर शामिल हैं। प्रत्येक जोन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी अनुभवी आइपीएस अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
विशेष टीम में आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी प्रवीन त्रिपाठी, सुनील चौधरी और अर्णब घोष को तीनों जोन की जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी पहले भी गंगासागर मेले में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभाल चुके हैं।मेले में जल, थल और आकाश मार्ग से निगरानी की जाएगी।
ड्रोन के माध्यम से भी विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस निगरानी व्यवस्था में भारतीय सेना भी मदद करेगी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों के साथ भी राज्य सचिवालय नवान्न में लगातार बैठकें हो रही हैं।
38 एकड़ अतिरिक्त जमीन पर बढ़ेगा मेले का दायरा
राज्य में सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने कै बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से मेले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेले का दायरा बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए 38 एकड़ अतिरिक्त जमीन चिह्नित की गई है। इस जमीन को मेला परिसर के रूप में विकसित करने का काम भी शुरू हो गया है।
गंगासागर मेले के लिए सभी मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण
सूत्रों के अनुसार, जनवरी में आयोजित होने वाले वार्षिक गंगासागर मेले में शामिल होने के लिए राज्य सरकार की ओर से देश के सभी मुख्यमंत्रियों और लोकसभा अध्यक्ष के साथ-साथ सभी राज्यों की विधानसभाओं के अध्यक्षों को निमंत्रण पत्र भेजा गया है।
20 बड़े बार्ज और हेलीकाप्टर सेवा की रहेगी व्यवस्था
नवान्न सूत्रों के अनुसार, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए मुड़ीगंगा नदी में इस बार 20 बड़े बार्ज की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक बार्ज में एक हजार से अधिक लोग एक साथ यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा, कोलकाता से गंगासागर पहुंचने के लिए हेलीकाप्टर सेवा भी उपलब्ध होगी। विशिष्ट अतिथि बेहला और कोलकाता हवाई अड्डे से हेलीकाप्टर के जरिए गंगासागर पहुंच सकेंगे। आम लोग भी निर्धारित किराया देकर इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।