विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगासागर मेले को कुंभ जैसा भव्य रूप देगी शुभेंदु सरकार, 16 नए जेटी बनाने की योजना

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:50 PM (IST)

राज्य सरकार 2027 के गंगासागर मेले को कुंभ मेले की तर्ज पर भव्य रूप देने की तैयारी में है, जिसके ...और पढ़ें

गंगासागर मेले को कुंभ जैसा भव्य बनाने की तैयारी (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

गंगासागर मेले को कुंभ जैसा भव्य बनाने की तैयारी (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

HighLights

  1. 2027 गंगासागर मेले को कुंभ की तर्ज पर भव्य बनाया जाएगा।

  2. कचुबेरिया और लाट नंबर आठ पर 14-16 नई जेटी बनेंगी।

  3. तीर्थयात्रियों के लिए आवास, पेयजल, बिजली जैसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में सत्ता परिवर्तनन के बाद गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी में जुटी राज्य सरकार ने जनवरी, 2027 में होने वाले आगामी आयोजन के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया है। इस बार कुंभ मेले की तर्ज पर गंगासागर मेले को विकसित करने और सजाने की तैयारी है।

इसी सिलसिले में शनिवार को राज्य मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ सागरद्वीप पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेले के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के 10 दिसंबर को प्रस्तावित गंगासागर दौरे से पहले सभी विभागों को तैयारियां आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।

मकर संक्रांति के दौरान गंगासागर में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान कचुबेरिया और लाट नंबर आठ के फेरी घाटों पर यात्रियों का भारी दबाव रहता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने दोनों घाटों पर सात से आठ नए जेटी बनाने की योजना तैयार की है।

इस तरह कुल 14 से 16 नए जेटी बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे यात्रियों के उतरने और चढ़ने की क्षमता बढ़ेगी तथा लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।

तीर्थनिवास बनाने की भी योजना

मुख्य सचिव ने कपिलमुनि आश्रम के आसपास के क्षेत्रों सहित मेला परिसर का निरीक्षण किया। बैठक में पेयजल, निर्बाध बिजली, स्वास्थ्य सेवा, शौचालय, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की सुविधा के लिए तीर्थनिवास बनाने की भी योजना है।

कपिलमुनि मंदिर परिसर से लेकर सागर तट तक आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

राज्य सरकार का लक्ष्य गंगासागर मेले में आवागमन, सुरक्षा, ठहरने और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाकर इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का तीर्थ आयोजन बनाना है। मुख्यमंत्री के 10 दिसंबर के प्रस्तावित दौरे से पहले जेटी निर्माण, तकनीकी निगरानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर काम आगे बढ़ाने की तैयारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।