गंगासागर मेले में इस बार VIP कल्चर खत्म करने की तैयारी, विशिष्ट लोगों को भी मिलेंगी आम श्रद्धालुओं जैसी सुविधाएं
बंगाल की नई भाजपा सरकार 2027 के गंगासागर मेले में वीआईपी संस्कृति खत्म कर इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी में है।

गंगासागर मेले में इस बार VIP कल्चर खत्म करने की तैयारी।
HighLights
2027 गंगासागर मेले में वीआईपी संस्कृति समाप्त करने की तैयारी।
सभी श्रद्धालुओं को मिलेंगी समान और बेहतर सुविधाएं।
मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर भी जोर।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली नई भाजपा सरकार जनवरी, 2027 में होने वाले आगामी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ इसे अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने की तैयारी में जुटी है। इसी क्रम में इस बार गंगासागर मेले की व्यवस्थाओं में एक बड़ा बदलाव VIP संस्कृति को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में हो सकता है।
इसके तहत आम श्रद्धालुओं और विशिष्ट व्यक्तियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं या प्राथमिकता की व्यवस्था रखने के बजाय सभी को समान सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इस बार मेले में वीआईपी संस्कृति समाप्त करने की योजना है। यानी किसी विशिष्ट व्यक्ति के लिए अलग कतार, विशेष प्रवेश अथवा ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होगी, जिससे आम श्रद्धालुओं को असुविधा हो।
दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ाई है। ऐसे में आगामी गंगासागर मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने, भीड़ के दबाव को कम करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से विस्तृत योजना तैयार करने पर जोर है।
दरअसल, गंगासागर मेले में वीआईपी संस्कृति समाप्त करने की बात पहली बार नहीं उठी है। पिछले साल दिसंबर में कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था के बाद पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार ने भी घोषणा की थी कि गंगासागर मेले में वीआईपी संस्कृति लागू नहीं होने दी जाएगी।
तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस घोषणा का असर विधानसभा चुनाव से पहले इस साल जनवरी में आयोजित गंगासागर मेले में काफी हद तक देखने को मिला था। उस दौरान वीआईपी लोगों के लिए अलग कतार बनाने जैसी व्यवस्था नहीं की गई थी। अब नई सरकार भी वीआईपी कल्चर खत्म करने की तैयारी में है। मालूम हो कि हर साल जनवरी में मकर संक्रांति पर देशभर से लाखों श्रद्धालु गंगासागर में पुण्य स्नान के लिए पहुंचते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए सुविधाओं का विस्तार
नई सरकार का लक्ष्य मेले को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना है। इसके लिए श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, परिवहन और स्नान की सुविधाओं को व्यापक स्तर पर विकसित करने की तैयारी है।
गंगासागर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आवास, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाना भी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन और चिकित्सा सहायता के लिए समन्वित व्यवस्था विकसित करने पर जोर रहेगा।
कपिलमुनि मंदिर और सागर तट के आसपास भीड़ की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रबंधन, निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करने की जरूरत पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और आस्था के इस विशाल आयोजन में किसी के साथ सुविधाओं के मामले में भेदभाव न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।