गंगासागर मेले में यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगे 10 हेलीकाप्टर, एक दिन में ही दर्शन कर लौट सकेंगे श्रद्धालु
बंगाल सरकार गंगासागर मेले में श्रद्धालुओं के लिए 10 हेलीकाप्टर उपलब्ध कराएगी, जिससे वे एक ही दिन में दर्शन कर ...और पढ़ें

गंगासागर मेले में श्रद्धालुओं को मिलेगी हेलीकाप्टर सेवा (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
गंगासागर मेले में श्रद्धालुओं के लिए 10 हेलीकाप्टर उपलब्ध होंगे।
तीर्थयात्री अब एक ही दिन में दर्शन कर वापस लौट सकेंगे।
मुख्य सचिव ने मेले की तैयारियों और सुविधाओं की समीक्षा की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी के बीच राज्य सरकार इस बार श्रद्धालुओं के आवागमन से लेकर ठहरने और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है। इसी सिलसिले में राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के सागरद्वीप पहुंचकर गंगासागर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर आयोजन की तैयारियों, बुनियादी ढांचे और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्य सचिव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गंगासागर मेले के दौरान इस बार श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा देने के लिए करीब 10 हेलीकाप्टर उपलब्ध होंगे।
इसके जरिए श्रद्धालु और पर्यटक गंगासागर जाकर उसी दिन वापस लौट सकेंगे। मुख्य सचिव बताया कि गंगासागर आने-जाने के लिए हेलीकाप्टर सेवा की मांग बढ़ रही है। कई श्रद्धालु ऐसे हैं, जो तीर्थयात्रा पूरी कर बिना रात में रुके उसी दिन लौटना चाहते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था से उन्हें सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी सरकारी काम से गंगासागर जाकर उसी दिन लौटने में मदद मिलेगी। मुख्य सचिव के अनुसार, इस सेवा का उपयोग प्रशासनिक अधिकारी भी कर सकेंगे। इससे मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों का आवागमन आसान होगा।
मालूम हो कि हर साल जनवरी में मकर संक्रांति पर गंगासागर मेले के दौरान पुण्य स्नान के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु वहां पहुंचते हैं। सागरद्वीप तक पहुंचने के लिए सड़क और जलमार्ग के बाद अंतिम चरण में फेरी सेवा पर निर्भर रहना पड़ता है।
मेले के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के कारण आवागमन में समय लगता है। हेलीकाप्टर सेवा से उन श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है, जो कम समय में तीर्थयात्रा पूरी करना चाहते हैं।
पिछले मेले में भी हुआ था हेलीकाप्टरों का इस्तेमाल
वर्ष 2025 के गंगासागर मेले में तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने हेलीकाप्टरों का इस्तेमाल आपातकालीन चिकित्सा निकासी, हवाई निगरानी और यात्रियों के परिवहन के लिए किया था। इस बार करीब 10 हेलीकाप्टरों की उपलब्धता का प्रस्ताव श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
हालांकि, सेवा का किराया, उड़ानों का संचालन, निर्धारित स्थान और समय-सारिणी जैसी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
होल्डिंग सेंटर और विशेष शेड बढ़ाने की तैयारी
बैठक में मेले की व्यवस्था और आने वाले दिनों में किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा हुई। इस बार श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए होल्डिंग सेंटरों की संख्या बढ़ाने की योजना है। सर्दी से बचाव के लिए विशेष शेड भी बनाए जा सकते हैं। समुद्र तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिंचाई विभाग को ब्रिक सैंड के इस्तेमाल का सुझाव भी दिया गया है। इससे तट पर आवागमन और व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्य सचिव का यह दौरा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उस निर्देश के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए अभी से तैयारियां तेज करने को कहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।