विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल को सात ग्रीनफील्ड हाईवे कॉरिडोर, कोलकाता में रिंग रोड और सिलीगुड़ी को 26 हजार करोड़ की सड़क; गडकरी के फैसले की बड़ी बातें

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:04 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें कोलकाता में रिंग रोड और सिलीगुड़ी में कई हाई-स्पीड कॉरिडोर शामिल हैं।

बंगाल में एक लाख करोड़ की नई सड़क परियोजनाएं गडकरी ने की घोषणा (फोटो-@nitin_gadkari/x)

बंगाल में एक लाख करोड़ की नई सड़क परियोजनाएं गडकरी ने की घोषणा (फोटो-@nitin_gadkari/x)

HighLights

  1. बंगाल को एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाएं मिलीं।

  2. कोलकाता में 14 हजार करोड़ का 250 किमी रिंग रोड बनेगा।

  3. सिलीगुड़ी को कई हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में राज्य में एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बंगाल के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में बंगाल की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।

गडकरी ने राज्य में पहले से चल रही 35 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। कोलकाता में रिंग रोड के निर्माण के लिए 14 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर गडकरी ने बंगाल में 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। इनमें पूर्व मेदिनीपुर सहित विभिन्न जिलों में कई सेतु का निर्माण भी प्रस्तावित है।

इन 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं में दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और 20 सड़क व सेतु परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उद्घाटन की गई परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पालसित से डानकुनी तक 63.83 किलोमीटर लंबे हिस्से का छह लेन में विस्तार तथा फरक्का में गंगा पर चार लेन के नए पुल का निर्माण शामिल है।

गडकरी ने कहा कि सड़कें बेहतर होने से कारोबार बढ़ेगा, नए टाउनशिप विकसित होंगे और पूंजी निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने बंगाल के विकास के लिए जितनी जरूरत होगी, उतना धन देने का आश्वासन दिया। गडकरी ने राज्य में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं के पहले ही पूरा होने और करीब 450 किलोमीटर लंबी 35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम जारी होने की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इसके तहत जमीन उपलब्ध कराने और आवश्यक मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कोलकाता में 14 हजार करोड़ से बनेगा 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड

महानगर को यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए 14 हजार करोड़ रुपये की लागत से 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा। गडकरी ने कहा कि यह परियोजना कोलकाता की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की व्यापक योजना की शुरुआत है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनके मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद गडकरी ने अधिकारियों को शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए योजना तैयार करने को कहा था।

उन्होंने कहा कि कोलकाता को बेहतर शहर बनाने के लिए सड़क ढांचे को मजबूत करना जरूरी है। रिंग रोड के अलावा महानगर की जरूरतों के अनुरूप सड़क आधारभूत संरचना के विकास की भी योजना बनाई जाएगी। गडकरी ने अधिकारियों को सड़क, फ्लाईओवर और मेट्रो रेल को एक ही पिलर आधारित व्यवस्था के तहत विकसित करने की संभावना पर विचार करने का सुझाव दिया। इससे सीमित जगह का बेहतर उपयोग हो सकेगा और यातायात का प्रवाह सुगम बनाया जा सकेगा।

उन्होंने पुणे और नागपुर में इस तरह की परियोजनाओं का उदाहरण भी दिया। उनके अनुसार, कोलकाता के सड़क ढांचे को आधुनिक बनाने की योजना के तहत अभी और काम किए जाने हैं।

बंगाल में भी बनें ऐसी सड़कें, जिन पर उतर सकें लड़ाकू विमान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु ने असम के डिब्रूगढ़ स्थित मोरान बाइपास पर राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग का उदाहरण देते हुए गडकरी से बंगाल में भी इसी तरह की सड़कों के निर्माण की मांग की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में बनने वाली नई और विस्तारित सड़कों का बुनियादी ढांचा ऐसा हो, जिस पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतर सकें। इस वर्ष फरवरी में असम के मोरान बाइपास पर भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग हुई थी। यह सड़क आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों के संचालन के लिए तैयार किए गए विशेष राजमार्ग ढांचे का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तर बंगाल की सामरिक महत्ता को देखते हुए इस दिशा में काम करने का आग्रह किया। सिलीगुड़ी कारिडोर पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण गलियारा है। चीन, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के निकट स्थित होने के कारण इस क्षेत्र में सड़क संपर्क और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना महत्वपूर्ण माना जाता है।

सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर के रिंग रोड की भी घोषणा

कार्यक्रम में सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर लंबे रिंग रोड की भी घोषणा की गई। इससे उत्तर बंगाल में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के साथ क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। गडकरी ने सिलीगुड़ी से गुवाहाटी तक 400 किलोमीटर लंबे चार लेन हाई स्पीड कारिडोर की भी घोषणा की। इस पर 26 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और इसी वर्ष काम शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इससे सिलीगुड़ी से गुवाहाटी की यात्रा का समय 10 घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगा। इसके अलावा 77 किलोमीटर लंबे सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग ग्रीनफील्ड मार्ग पर छह हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। इससे यात्रा का समय तीन घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा।

वहीं, 52 किलोमीटर लंबे सिलीगुड़ी-सिक्किम चार लेन मार्ग पर भी छह हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसमें सुरंग और वायाडक्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इससे सिलीगुड़ी से सिक्किम पहुंचने में लगने वाला समय तीन घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा।

सात ग्रीनफील्ड हाईवे कारिडोर की भी घोषणा

इसके अलावा गडकरी ने सात ग्रीनफील्ड हाईवे कारिडोर की भी घोषणा की। इनमें 231 किलोमीटर लंबा खड़गपुर-मोरग्राम चार लेन एक्सप्रेसवे शामिल है। इस पर 10 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण शुरू हो चुका है और अक्टूबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बनने से खड़गपुर से मोरग्राम की यात्रा सात घंटे से घटकर ढाई से तीन घंटे रह जाएगी। यह मार्ग पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्द्धमान, हुगली, बीरभूम, बांकुड़ा और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए महत्वपूर्ण होगा।

820 किलोमीटर लंबे वाराणसी-कोलकाता छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय मंत्रिमंडल को भेज दी गई है। इस पर 75 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें बंगाल का हिस्सा 235 किलोमीटर होगा। इसके बनने से कोलकाता से वाराणसी की यात्रा 12 घंटे से घटकर पांच घंटे रह जाएगी। यह मार्ग पश्चिम मेदिनीपुर के रामजीवनपुर के पास खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। 570 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सिलीगुड़ी छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे पर 38 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा गया है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होकर गुजरने वाला यह मार्ग बंगाल में प्रवेश करेगा और बागडोगरा एयरपोर्ट से भी जुड़ेगा। इससे गोरखपुर से सिलीगुड़ी की यात्रा 14 घंटे से घटकर छह घंटे होने का अनुमान है। वहीं, 270 किलोमीटर लंबे रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे पर 17 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे बंगाल, बिहार और झारखंड के बीच संपर्क बेहतर होगा।

तीर्थयात्रियों की आवाजाही के लिए विशेष सड़क संपर्क विकसित करने की भी घोषणा

गडकरी ने गंगासागर तक तीर्थयात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विशेष सड़क संपर्क विकसित करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जोका, नामखाना और दीघा को जोड़ने वाली सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग की। इसके अलावा सुंदरवन के गोसाबा में पुल निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। इससे चक्रवात प्रभावित क्षेत्र के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क परियोजनाओं को गति देने और राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

गडकरी ने शुभेंदु के साथ लिया झालमुड़ी का स्वाद

नितिन गडकरी ने कोलाघाट में शुभेंदु अधिकारी के साथ बंगाल के लोकप्रिय नाश्ते झालमुड़ी का स्वाद लिया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके लिए झालमुड़ी की व्यवस्था की थी। गडकरी ने इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री के साथ झालमुड़ी खाने का जिक्र किया। वीडियो में गडकरी झालमुड़ी बेचने वाले एक विक्रेता से बातचीत करते और मुरमुरे, हरी मिर्च व मसालों से तैयार इस नाश्ते का आनंद लेते दिख रहे हैं।

बंगाल की राजनीति में झालमुड़ी का जिक्र इसी साल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी सुर्खियों में आया था। अप्रैल में झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अचानक अपना काफिला रुकवाकर एक दुकान पर झालमुड़ी खाई थी। उस समय भी झालमुड़ी खाने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही थीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।