बंगाल: पूर्व विधायक के PA की पीट-पीटकर हत्या, शराब पीने से रोकने पर हुआ था विवाद
उत्तर 24 परगना के नोआपाड़ा में पूर्व विधायक सुनील सिंह के निजी सहायक शेखर चौधरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

नोआपाड़ा में पूर्व विधायक के निजी सहायक की पीट-पीटकर हत्या
HighLights
पूर्व विधायक सुनील सिंह के PA शेखर चौधरी की हत्या।
शराब पीने का विरोध करने पर ईंटों से हमला किया गया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया, पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर 24 परगना के नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गारुलिया नगरपालिका इलाके में पूर्व विधायक सुनील सिंह के निजी सहायक शेखर चौधरी उर्फ बंटी की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों को शेखर पर ईंट से हमला करते देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब 30 वर्षीय शेखर अपने घर के पास स्थित एक क्लब में कुछ युवकों के शराब पीने का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने शेखर पर ईंट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर नोआपाड़ा के पूर्व विधायक सुनील सिंह और उनके बेटे आदित्य मौके पर पहुंचे। शेखर को गंभीर हालत में पहले बैरकपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।
मंत्री अर्जुन सिंह ने परिवार से की मुलाकात
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। सोमवार सुबह नोआपाड़ा के विधायक और राज्य के परिवहन व श्रम मंत्री अर्जुन सिंह गारुलिया पहुंचे और मृतक के स्वजन से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि इलाके में बड़े पैमाने पर हेरोइन की बिक्री हो रही है और पुलिस इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस हत्या के पीछे किसी अन्य कारण की भी जांच कर रही है।
