बंगाल: हुगली में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने पर पूर्व BJP विधायक से मारपीट, पांच गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में पूर्व भाजपा विधायक विश्वनाथ कारक पर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने ...और पढ़ें

हुगली में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने पर पूर्व भाजपा विधायक पर हमला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के भीतर पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच टकराव के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में हुगली जिले के गोघाट में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आई है। यहां पूर्व भाजपा विधायक विश्वनाथ कारक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। घटना शुक्रवार की है।
पूर्व विधायक का दावा है कि पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और वसूली के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन पर हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर गोघाट की सावड़ा पंचायत में एक सरकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें भाजपा के कई कार्यकर्ता शामिल हुए थे। पूर्व विधायक विश्वनाथ कारक भी कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चार मई को सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में शामिल हुए कुछ लोग पंचायत में वसूली और भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इसी मुद्दे को उठाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पंचायत कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान पूर्व विधायक के साथ भी कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके समर्थकों के घरों में तोड़फोड़ की गई। विश्वनाथ कारक ने हमले के लिए पार्टी में हाल में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
आरोपों को दूसरे गुट ने किया खारिज
वहीं, दूसरे गुट ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व विधायक पार्टी के प्रचार और कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं थे। अब भाजपा के सत्ता में आने के बाद वह पंचायत में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरे पक्ष का दावा है कि किसी ने उनके साथ मारपीट नहीं की।
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने गोघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर, भाजपा के आरामबाग संगठनात्मक जिला अध्यक्ष और गोघाट के विधायक प्रशांत दिगार ने घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस और माकपा को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, स्थानीय माकपा नेताओं ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा की आंतरिक गुटबाजी का परिणाम बताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।