बंगाल के पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास का निधन, पिछले करीब तीन सप्ताह से अस्पताल में थे भर्ती
बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उज्ज्वल विश्वास का 72 वर्ष की आयु में बुधवार रात कोलकाता के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया।

बंगाल के पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास का निधन।
HighLights
पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास का 72 वर्ष की आयु में निधन।
कोलकाता के फोर्टिस अस्पताल में ली अंतिम सांस।
हृदय सर्जरी के बाद कई जटिलताओं से जूझ रहे थे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पिछले करीब तीन सप्ताह से अस्पताल में भर्ती बंगाल के पूर्व मंत्री व तृणमूल कांग्रेस वरिष्ठ नेता उज्ज्वल विश्वास का बुधवार रात निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। कोलकाता के मुकुंदपुर स्थित फोर्टिस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
पिछले करीब तीन सप्ताह से अस्पताल में भर्ती पूर्व मंत्री की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। पिछले कई दिनों से उन्हें पूरी तरह वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
विश्वास बंगाल की पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार में कारा एवं सुधार तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग का दायित्व संभाले थे। उज्ज्वल विश्वास नदिया जिले की कृष्णानगर दक्षिण विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के लगातार तीन बार के पूर्व विधायक थे। उन्होंने 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी।
मई 2017 से 2022 तक उन्होंने कारा (जेल) मंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। 2022 से 2026 तक विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री रहे। इसके अलावा, 2011 से 2016 तक वह तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री थे।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, गत 24 सितंबर को उज्ज्वल विश्वास की एक अन्य अस्पताल में बाइपास सर्जरी हुई थी। उनके हृदय की तीन रक्त धमनियों में ब्लॉकेज होने के कारण यह ऑपरेशन किया गया था। हालांकि, सर्जरी के बाद हृदय से निकले खून के थक्के के कारण उनके मस्तिष्क में स्ट्रोक हो गया। इसके बाद से उनकी शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और एक के बाद एक कई जटिलताएं सामने आने लगीं।
निमोनिया और संक्रमण से कई अंग हुए प्रभावित
दुर्गापूजा के दौरान पंचमी के दिन उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद सप्तमी को उन्हें मुकुंदपुर स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में निमोनिया और मूत्र मार्ग में संक्रमण का पता चला। संक्रमण गंभीर होने के कारण उन्हें सेप्टिक शॉक की स्थिति का सामना करना पड़ा।
इसके बाद शरीर के कई अंगों ने काम करना लगभग बंद कर दिया। विशेष रूप से किडनी की कार्यक्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई, जिसके कारण उन्हें नियमित डायलिसिस पर रखना पड़ा।
सांस लेने में परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों ने उनकी गर्दन में ट्रेकियोस्टामी की थी, ताकि सांस लेने में सहायता मिल सके। इसके साथ ही हेमोडायलिसिस भी जारी था। मंगलवार को जारी मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को बेहद नाजुक बताया था। उनके ठीक होने की संभावना भी काफी कम बताई गई थी। पिछले कुछ महीनों से वह हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।