विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच बांग्लादेशी गिरफ्तार, बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के जा रहे थे हैदराबाद

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:04 PM (IST)

पूर्वोत्तर के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले पांच बांग्लादेशी नागरिकों को एनजेपी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया है।

NJP रेलवे स्टेशन पर पांच लोग गिरफ्तार (जागरण)

NJP रेलवे स्टेशन पर पांच लोग गिरफ्तार (जागरण)

HighLights

  1. एनजेपी स्टेशन पर पांच बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार।

  2. बिना वैध दस्तावेज हैदराबाद जाने की फिराक में थे।

  3. मानव तस्करी गिरोह की भूमिका की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। पूर्वोत्तर के रास्ते भारत में प्रवेश और ट्रेन पकड़कर दूसरे राज्यों तक पहुंचने की कोशिश का मामला एक बार फिर सामने आया है।

हैदराबाद जाने की फिराक में पहुंचे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सीमा पार कराने से लेकर हैदराबाद पहुंचाने तक किसी दलाल या संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

सोमवार को डाउन विवेक एक्सप्रेस के एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंचते ही एनजेपी जीआरपी और सिलीगुड़ी जीआरपी की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।

गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन के सामान्य डिब्बे में तलाशी ली गई। इसी दौरान संदेह के आधार पर पांचों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने और भारत में प्रवेश से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने की बात सामने आई।

रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांचों त्रिपुरा के रास्ते भारत पहुंचे थे। इसके बाद अलग-अलग ट्रेनों से सफर करते हुए एनजेपी पहुंचे। यहां से उन्हें हैदराबाद जाना था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नूर मोहम्मद (55), मीर कासेम (59), काशमीन (19), मुक्कर रामा (18) और मोहम्मद जाशिर (15) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पांचों को डिटेंशन कैंप भेजने की व्यवस्था की गई। मामले की जांच जीआरपी कर रही है।

इसके पहले भी कई बार एनजेपी स्टेशन से बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की गिरफ्तारी हो चुकी है| लेकिन पुलिस या केंद्रीय खुफिया एजेंसी सीमा पर सक्रिय गिरोह पर नकेल कसने में विफल रही है|

हालांकि जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि इन पांचो को सीमा पार करा सिलीगुड़ी तक लाने वाले गिरोह की कड़ियों की तलाश शुरू की गई है|

पहले भी पकड़े जा चुके हैं संदिग्ध विदेशी नागरिक

एनजेपी और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर इस तरह की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है। इंटरनेट मीडिया और समाचार पोर्टलों पर प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, जून से सितंबर 2026 के बीच विदेशी नागरिकों से जुड़े कई मामले सामने आए हैं।

7 जून 2026: सिलीगुड़ी जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आठ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़े जाने की खबर प्रकाशित हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनके पास भारत में प्रवेश और निवास से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं थे।

21 अगस्त 2026: एनजेपी स्टेशन पर कन्याकुमारी-विवेक एक्सप्रेस से चार रोहिंग्या नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वे बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में रह रहे थे और विजयवाड़ा जाने की योजना बना रहे थे।

19 सितंबर 2026: एनजेपी स्टेशन पर त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से म्यांमार के चार संदिग्ध नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की खबर आई थी। रिपोर्टों के अनुसार, वे लंबे समय से बांग्लादेश में रह रहे थे और पंजाब जाने की योजना बना रहे थे।

2 अप्रैल 2026: जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़े जाने की रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी। तलाशी में संदिग्ध दस्तावेज और विदेशी मुद्रा मिलने की भी बात कही गई थी।

यह भी पढ़ें- सिलीगुड़ी महानंदा घाट पर रैंप के सिस्टम में खराबी से 20 मिनट रुका प्रतिमा विसर्जन, तकनीक पर उठे सवाल