मछली के डिब्बों में छिपाकर भेज रहे थे फेंसिडिल, बशीरहाट में एक करोड़ रुपये से अधिक की खेप बरामद, तस्कर फरार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मछली के कारोबार की आड़ में बांग्लादेश में फेंसिडिल तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है।

मछली कारोबार की आड़ में फेंसिडिल तस्करी का खुलासा
HighLights
मछली कारोबार की आड़ में फेंसिडिल तस्करी का खुलासा
पुलिस-बीएसएफ ने एक करोड़ से अधिक की फेंसिडिल पकड़ी
उत्तर 24 परगना के बकुलतला में हुई बड़ी कार्रवाई
जागरण संवाददाता, बशीरहाट। मछली के कारोबार की आड़ में थर्मोकोल के डिब्बों में भरकर बांग्लादेश में फेंसिडिल की तस्करी करने का मामला सामने आया है।
उत्तर 24 परगना जिले के हासनाबाद थाना क्षेत्र के बकुलतला में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की फेंसिडिल बरामद की है। हालांकि, इस मामले का आरोपित तस्कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बकुलतला निवासी मोमिन मोल्ला लंबे समय से मछली पालन और मछली के बीज की आपूर्ति का कारोबार करता है।
आरोप है कि इसी कारोबार की आड़ में वह मछली के बीज की आपूर्ति में इस्तेमाल होने वाले थर्मोकोल के डिब्बों में फेंसिडिल छिपाकर तस्करी करता था।
बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि इन डिब्बों के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बांग्लादेश भेजने की तैयारी है।
इसके बाद बशीरहाट जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, हासनाबाद थाने की पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। इलाके के एक गोदाम में तलाशी के दौरान मछली के डिब्बों में छिपाकर रखी गई फेंसिडिल मिली।
आसपास के अन्य घरों में भी तलाशी ली गई। करीब 10 घंटे तक चले अभियान में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।