यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से रसोई में जमने लगा है नकली सरसों तेल
पुलिस द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में की गई सीरियल छापामारी में उत्तर 24 परगना, हुगली, बर्द्धमान और मेदिनीपुर में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हावड़ा। पुलिस द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में की गई सीरियल छापामारी में उत्तर 24 परगना, हुगली, बर्द्धमान और मेदिनीपुर में नकली सरसों तेल उत्पादन करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। इस दौरान काफी मात्रा में बड़े ब्रांड वाली कंपनी के स्टिकर, टीन भी जब्त किये गये हैं। इसके साथ ही काफी मात्रा में नकली सरसों तेल भी जब्त किये गये थे।
हुगली के कोन्ननगर और चंदननगर इलाके में छापामार कर पुलिस ने नकली सरसों तेल व नकली घी बनाने का खुलासा किया था। इसके बाद लोगों के मन में शुद्ध उत्पाद खाने की उम्मीद जगी थी लेकिन रसोई घर में रखे सरसों तेल को जमता देख लोगों की उम्मीद पर पानी फिर गया है। पुलिस की छापामारी में उत्पादक स्थल से नकली खाद्य पदार्थो को जब्त किया गया था लेकिन जिसकी आपूर्ति हो चुकी थी वह आज भी लोगों के बीच बिक रहा है। लोग रसायनिक पदार्थो से उत्पादित नकली सरसों तेल खाने के लिए बेबस हैं।
हुगली जिले के चुंचुड़ा थानांतर्गत बंडेल बाजार में कुछ थोक विक्रेता के पास आज भी नकली सरसों तेल मौजूद है। ग्रामीण व शहर के विभिन्न छोटी छोटी दुकानदारों को वह नकली तेल आपूर्ति कर रहे हैं। ठंड पड़ने के साथ ही रसोई में सरसों का तेल जमने लगा है। शायद ही कभी किसी ने सुना होगा कि ठंड में सरसों तेल जमता है। लेकिन कई घरों के रसोई में मौजूद सरसों तेल को जमता देख लोग अब उसे खाने से कतरा रहें हैं। शरीर में लगाने से चर्म रोग हो रहा है। उत्तर 24 परगना में पुलिस द्वारा पड़के गये नकली सरसों तेल उत्पादक ने बताया था कि वह रसायनिक के साथ पाम तेल मिलाकर नकली सरसों का तेल बना रहा है।
लोगों का कहना है कि आज भी बाजार में बिक रहे तेल में पाम का हिस्सा मिला हुआ है। इसी वजह से वह ठंड में जमने लगा है। इस संबंध में पूछे जाने पर चंदननगर कमिशनरेट के पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने कहा कि नकली उत्पाद के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी तरह के नकली उत्पाद और गैरकानूनी काम करने वालों को पुलिस बर्दास्त नहीं करेगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही फराक्का पुलिस ने अर्जुनपुर ग्राम पंचायत के भवानीपुर ग्राम में छापामार कर मिलावटी हल्दी कारोबार का भंडाफोड़ किया था। मौके से हल्दी के पाउडर, रंग, उपकरण समेत अन्य कई सामग्री जब्त किय गये थे। मिलावटी हल्दी उत्पादन करने के आरोप में मृत्यंजय दास को गिरफ्तार किया गया था।