बंगाल: एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बनकर वसूली करने वाला सिलिगुड़ी से गिरफ्तार, पुलिस को गिरोह की तलाश
माटीगाड़ा पुलिस ने एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बनकर वसूली करने वाले शेखर साहा को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है।

खुद को एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बताने वाला गिरफ्तार (जागरण)
HighLights
शेखर साहा एंटी क्राइम ब्यूरो अधिकारी बनकर गिरफ्तार।
आईटी कंपनियों और निजी कार्यालयों से करता था वसूली।
फर्जी पहचान पत्र दिखाकर लोगों को डराता-धमकाता था।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। खुद को एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बताकर वसूली करने के आरोप में माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान शेखर साहा के रूप में हुई है। वह आइटी कंपनियों और निजी कार्यालयों में जाकर लोगों को डराता-धमका कर उनसे रुपये की मांग करता था।
एक आइटी कंपनी की शिकायत पर माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने गुरुवार रात उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार आरोपित को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस उससे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी।
पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपित अलीपुरद्वार जिले का निवासी है। वह प्रधान नगर थाना अंतर्गत इलाके में फ्लैट किराये पर लेकर इस धंधे को चला रहा था।
वह किसी भी कार्यालय में पहुंचकर अपना फर्जी पहचान पत्र दिखाता और खुद को एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बताकर लोगों को डराने-धमकाने लगता था। इसके बाद वह उनसे रुपये की मांग करता था। कई लोग उसे असली अधिकारी समझकर रुपये भी दे देते थे।
कैसे पकड़ा गया फर्जी एंटी क्राइम ब्यूरो ऑफिसर?
गुरुवार को आरोपित परिवहन नगर स्थित एक आइटी पार्क में पहुंचा था। आरोप है कि वहां एक कंपनी में घुसकर उसने कर्मचारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। कंपनी के मैनेजर को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही माटीगाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसकी असलियत सामने आई। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित के कब्जे से दो फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। इन पर उसने खुद को एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बताया था। इस मामले में शहर में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
